IPL 2022 के मेगा ऑक्शन को लेकर अश्विन ने की भविष्यवाणी, बताया U19 WC के किन 3 खिलाड़ियों पर लगेगी बोली

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने आईपीएल 2022 को लेकर अगले महीने होने वाली खिलाड़ियों की मेगा नीलामी के लिये बड़ी भविष्यवाणी की है और बताया है कि वेस्टइंडीज में जारी अंडर 19 विश्वकप के किन खिलाड़ियों पर फ्रैंचाइजियां पैसों की बरसात कर बोली लगा सकती है। इस दौरान रविचंद्रन अश्विन ने दो भारतीय और एक साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी के नाम का जिक्र किया और बताया कि कैसे और क्यों इन युवाओं को टीम का हिस्सा बनाया जा सकता है। अश्विन ने जिन 3 खिलाड़ियों का नाम लिया है उसमें भारत के राज्यवर्धन हांगरेकर, कप्तान यश ढुल और बेबी एबी के नाम से मशहूर साउथ अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस का नाम शामिल है।
उल्लेखनीय है कि यह तीनों ही खिलाड़ी अंडर 19 विश्वकप 2022 में अपनी-अपनी टीमों के लिये कैंपेन का हिस्सा बने हुए हैं। जहां साउथ अफ्रीका की टीम को बेबी एबी के शानदार प्रदर्शन के बावजूद क्वार्टरफाइनल में इंग्लैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा तो वहीं पर भारतीय टीम ने बांग्लादेश को हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। अब भारतीय टीम को सेमीफाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया का सामना करना है।

हांगरेकर पर लग सकती 5-6 बोलियां
राज्यवर्धन हांगरेकर अंडर 19 विश्वकप में हिस्सा लेने पहुंची भारतीय टीम का अहम हिस्सा रहे हैं जिन्होंने 30.2 की स्ट्राइक रेट से 5 विकेट चटकाये हैं। हांगरेकर ने नंबर 5 पर बल्लेबाजी करते हुए अपनी रन बनाने की कला का प्रदर्शन भी किया है। हांगरेकर के नीलामी में शामिल होने को लेकर अश्विन ने अपने विचार दिये हैं और अपन यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए कहा कि उनकी गेंदबाजी काफी हद तक इशांत शर्मा से मिलती जुलती है। अश्विन का मानना है कि उन्हें पूरा यकीन है कि नीलामी के दौरान हांगरेकर के लिये कम से कम 5-10 बोलियां लगेंगी और उन्हें कम से कम फ्रैंचाइजी अपने साथ जोड़ेगी।
उन्होंने कहा,'यह खिलाड़ी नीलामी के दौरान जरूर खरीदा जायेगा, कौन सी फ्रैंचाइजी खरीदेगी इसकी भविष्यवाणी नहीं कर सकता लेकिन उनका खरीदा जाना पक्का है। इसका नाम है राज्यवर्धन हांगरेकर। वह दायें हाथ के मीडियम पेसर हैं जो कि इनस्विंग भी फेंक लेते हैं। मौजूदा समय में यह टैलेंट सिर्फ इशांत शर्मा के पास है। इनस्विंग अक्सर दायें हाथ के बल्लेबाजों के लिये मुश्किल पैदा करती है जिसकी वजह से मुझे लगता है कि हांगरेकर की काफी डिमांड रहने वाली है। इतना ही नहीं वह मध्यक्रम में अच्छी बल्लेबाजी भी कर लेता है, गेंद को बाहर पहुंचाने के लिये वह जिस तरह की ताकत पैदा करता है, वह शानदार है। मुझे यकीन है कि उसके लिये कम से कम 5-10 बोलियां लगेंगी, आप भी उसे देखना न भूलें।'

कप्तान यश ढुल पर भी रहेगी नजर
अश्विन ने इस दौरान भारतीय अंडर 19 टीम के कप्तान यश ढुल पर भी बात की और उनके टैलेंट की तारीफ करते हुए नीलामी पर जानकारी दी। अश्विन का मानना है कि यश ढुल काफी प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं और उनके पीछे 2-3 टीमें जा भी सकती हैं लेकिन इस पर वो पूरे भरोसे के साथ बात नहीं कर सकते हैं।
उन्होंने कहा,'यश ढुल काफी प्रतिभाशाली बल्लेबाज हैं, आखिरी बार सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने अंडर 19 के कप्तान प्रियम गर्ग को मौका दिया था, तो क्या वो एक बार फिर से ऐसा करने की ओर देख सकते हैं, जबकि दिल्ली कैपिटल्स ने भी पृथ्वी शॉ को बैक करने का काम किया है जो खुद भी अंडर 19 टीम के कप्तान थे। ऐसे में टीमें जा तो सकती हैं पर हमें इंतजार करके इस पर ध्यान देना होगा।'

क्या बेबी एबी पर भी होगी पैसों की बरसात
अश्विन ने अंत में साउथ अफ्रीका की अंडर 19 टीम के युवा बल्लेबाज और सबसे ज्यादा चर्चित नाम डेवाल्ड ब्रेविस पर भी राय दी, जो कि पूर्व कप्तान एबी डिविलियर्स की तरह बल्लेबाजी करने की वजह से बेबी एबी के नाम से मशहूर हैं। बेबी एबी ने अंडर 19 विश्वकप में खेलते हुए 4 पारियों में 90.50 की औसत से 362 रन बनाये हैं। ऐसे में लगातार चर्चा की जा रही है कि बेबी एबी को आईपीएल में खरीदा जा सकता है, हालांकि अश्विन को इस खिलाड़ी के खरीदे जाने के कम चांसेस लग रहे हैं।
उन्होंने कहा,'डेवाल्ड ब्रेविस को बेबी एबी के नाम से काफी प्रमोट किया जा रहा है और वो शानदार तरीके से खेल भी रहे हैं, जिसकी वजह से लोगों ने पूछना शुरू कर दिया है कि क्या वो आईपीएल का हिस्सा बनेंगे। लेकिन आपको समझने की जरूरत है कि हर टीम के पास 8 ही विदेशी खिलाड़ियों के स्लॉट होते हैं, तो ऐसे में यह सोचना होगा कि क्या उसमें से एक जगह इस युवा खिलाड़ी को देना सही फैसला रहेगा। यह सवाल सभी फ्रैंचाइजियों के सामने रहेगा। भले ही ब्रेविस को बेबी एबी के नाम से प्रमोट किया जा रहा है पर मुझे उनके नीलामी में चुने जाने के काफी कम चांसेस लग रहे हैं।'












Click it and Unblock the Notifications