पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' के भारत में रिलीज को लेकर विवाद, AICWA ने PM मोदी को लिखा पत्र
Jo Bache Hain Sang Samet Lo: नेटफ्लिक्स की पहली पाकिस्तान-आधारित ओरिजिनल सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। फवाद खान और माहिरा खान की एक साथ वापसी ने इस सीरीज को पहले ही चर्चा में ला दिया है। हालांकि भारत में इसकी रिलीज को लेकर विवाद भी गहराता जा रहा है। ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर भारत में इस सीरीज के प्रसारण पर रोक लगाने की मांग की है।
पाकिस्तानी वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' का ट्रेलर रिलीज
तीन पीढ़ियों के रिश्तों और 6 प्रेम कहानियों को समेटने वाली ये सीरीज आगामी 4 दिसंबर 2026 को दुनियाभर में रिलीज होने वाली है लेकिन भारतीय दर्शक इसे नेटफ्लिक्स पर देख पाएंगे या नहीं, इसको लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है। नेटफ्लिक्स की ओर से भी भारत में इसकी रिलीज को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

6 गानों से सजा साउंडट्रैक हुआ रिलीज
-वेब सीरीज का ट्रेलर एक दिलचस्प लाइन के साथ शुरू होता है- 'हर प्रेम कहानी शुरू होने से पहले ही शुरू हो जाती है।' इसके साथ ही मेकर्स ने शो के 6 ओरिजिनल गानों वाला साउंडट्रैक भी जारी किया है। ट्रेलर में अलग-अलग किरदारों की जिंदगी, उनके रिश्तों, प्यार, भावनाओं और उलझनों की झलक दिखाई गई है।
-कहानी में अहद रजा मीर रोम में रहने वाले वकील सिकंदर की भूमिका निभा रहे हैं जबकि इकरा अजीज लीजा के किरदार में नजर आएंगी, जो एक कलाकार हैं। वहीं फवाद खान महमूद का किरदार निभा रहे हैं। महमूद को परिस्थितियों के चलते अपने कबीले की जिम्मेदारियां संभालनी पड़ती हैं। इस दौरान सनम सईद के किरदार विक्टोरिया के साथ उनका रिश्ता कई भावनात्मक उतार-चढ़ाव से गुजरता नजर आता है।
-माहिरा खान भी इस सीरीज में राहत की भूमिका निभा रही हैं। उनके किरदार की कहानी अहमद अली अकबर और बिलाल अशरफ के किरदारों के साथ जुड़े रिश्तों के बीच आगे बढ़ती दिखाई देती है।
हानिया आमिर और हमजा अली अब्बासी के किरदार भी चर्चा में
-ट्रेलर में सीरीज के दूसरे अहम किरदारों की कहानी भी सामने आई है। हानिया आमिर कुलसूम के किरदार में हैं, जिनका खुशहाल खान के किरदार जैन के साथ रिश्ता तनाव और टकराव से भरा दिखाई देता है। दोनों के रिश्ते में हिंसा की झलक भी देखने को मिलती है।
-वहीं हमजा अली अब्बासी शहरयार की भूमिका निभा रहे हैं। उनका किरदार माया अली के किरदार आमना को लेकर बेहद अधिकार जताने वाला और नियंत्रित करने की कोशिश करता नजर आता है। इन किरदारों के जरिए सीरीज में प्यार, रिश्तों की जटिलता, भावनात्मक संघर्ष और परिवार से जुड़ी परिस्थितियों को दिखाया जाएगा।
-सीरीज की सपोर्टिंग कास्ट में अमीना शेख, ओमेर राणा, नादिया जमील, महा हसन, सफी हसन, हूरैन, उस्मान जावेद, शहजैन दुरैद, नादिया हुसैन और समीना अहमद जैसे कलाकार भी शामिल हैं।
AICWA ने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर जताया विरोध
-सीरीज के ट्रेलर रिलीज होने से पहले ही भारत में इसके प्रसारण को लेकर विरोध शुरू हो गया था। AICWA ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर पाकिस्तान में बने कंटेंट को भारतीय डिजीटल प्लेटफॉर्म पर दिखाए जाने के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है।
-एसोसिएशन ने अपने पत्र में 8 मई 2025 को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से जारी एडवाइजरी का हवाला दिया है। ये एडवाइजरी पहलगाम आतंकी हमले के बाद जारी की गई थी, जिसमें ओटीटी और डिजीटल प्लेटफॉर्म्स पर पाकिस्तानी कंटेंट को लेकर सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए थे।
-AICWA ने साल 2019 में पुलवामा आतंकी हमले के बाद पाकिस्तानी कलाकारों के भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में काम करने पर लगाए गए प्रतिबंध का भी उल्लेख किया है। एसोसिएशन की मांग है कि टीवी, ओटीटी और सिनेमाघरों में पाकिस्तानी कंटेंट के प्रसारण को रोकने के लिए स्थायी कानून बनाया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का प्रावधान हो।
साल 2016 के उरी हमले के बाद शुरू हुई प्रतिबंध की मांग
भारत में पाकिस्तानी कलाकारों के काम पर प्रतिबंध लगाने की मांग सितंबर 2016 में उरी आतंकी हमले के बाद तेज हुई थी। 18 सितंबर 2016 को जम्मू-कश्मीर के उरी में भारतीय सेना के कैंप पर हुए हमले में 18 जवान शहीद हो गए थे। इसके बाद पाकिस्तानी कलाकारों को लेकर फिल्म इंडस्ट्री में विरोध बढ़ने लगा।
-सितंबर 2016: उरी हमले के बाद महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने पाकिस्तानी कलाकारों को 48 घंटे के भीतर भारत छोड़ने का अल्टीमेटम दिया। 30 सितंबर को इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (IMPPA) ने पाकिस्तानी कलाकारों और तकनीशियनों को भारतीय फिल्मों में काम नहीं देने का प्रस्ताव पारित किया।
-फरवरी 2019: पुलवामा आतंकी हमले के बाद AICWA ने पाकिस्तानी कलाकारों के भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में काम करने पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की। कई अन्य फिल्म संगठनों ने भी पाकिस्तानी कलाकारों के साथ काम नहीं करने का फैसला किया।
-अक्टूबर 2023: पाकिस्तानी कलाकारों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर हुई। अदालत ने याचिका खारिज करते हुए कहा कि इस तरह की मांग सांस्कृतिक सौहार्द और शांति को बढ़ावा देने के प्रयासों के विपरीत है। अदालत ने यह भी कहा कि देशभक्ति का अर्थ दूसरे देश के नागरिकों के प्रति नफरत रखना नहीं है।
-अप्रैल-मई 2025: पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तानी कंटेंट को लेकर सख्त रुख अपनाया। 8 मई 2025 को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने ओटीटी और डिजीटल प्लेटफॉर्म्स को पाकिस्तान में निर्मित कंटेंट की स्ट्रीमिंग रोकने संबंधी एडवाइजरी जारी की।
फवाद खान-माहिरा खान की फिल्मों को भारत में रिलीज करने का विरोध
-पाकिस्तानी कलाकारों की फिल्मों को भारत में रिलीज करने की कोशिशें पहले भी विरोध का सामना कर चुकी हैं। फवाद खान और माहिरा खान की फिल्म 'द लीजेंड ऑफ मौला जट्ट' दिसंबर 2022 में भारत में रिलीज होने वाली थी। फिल्म को पंजाब और उत्तर भारत के कुछ सिनेमाघरों में प्रदर्शित करने की योजना बनाई गई थी लेकिन MNS के विरोध के बाद इसकी रिलीज टाल दी गई।
-अक्टूबर 2024 में फिल्म को दोबारा भारत में रिलीज करने की कोशिश की गई। इस बार पंजाब में 2 अक्टूबर को इसे सिनेमाघरों में उतारने की योजना थी लेकिन विरोध के चलते यह प्रयास भी सफल नहीं हो सका।
'अबीर गुलाल' भी भारत में नहीं हो सकी रिलीज
-पाकिस्तानी एक्टर फवाद खान और वाणी कपूर की फिल्म 'अबीर गुलाल' भी भारत में रिलीज नहीं हो सकी। फिल्म को 9 मई 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी थी लेकिन पहलगाम आतंकी हमले के बाद इसके प्रदर्शन पर रोक लगा दी गई। सरकारी सूत्रों के मुताबिक फिल्म को भारत में रिलीज की अनुमति नहीं मिली।
-इसके बाद 29 अगस्त 2025 को 'अबीर गुलाल' भारत को छोड़कर 75 से अधिक देशों में रिलीज हुई। अब 'जो बचे हैं संग समेट लो' को लेकर भी भारत में रिलीज पर संशय बना हुआ है। ऐसे में देखना होगा कि नेटफ्लिक्स इस सीरीज को भारतीय दर्शकों के लिए उपलब्ध कराता है या नहीं।


Click it and Unblock the Notifications
