जानें क्यों IPL 2022 से पहले KKR ने शुबमन गिल को किया रिलीज, हेड कोच मैकलम ने किया खुलासा

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन में बेहद खराब शुरुआत करने वाली कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम के लिये किस्मत ने यूएई में खेले गये दूसरे लेग के दौरान जबरदस्त करवट ली और दो बार की विजेता टीम केकेआर ने फाइनल में जगह बना ली। कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम इस सीजन से पहले दो बार फाइनल में पहुंची थी और दोनों ही बार वो खिताब जीतने में कामयाब रही थी। हालांकि तीसरी बार फाइनल खेलने पहुंची केकेआर की टीम को दूसरी बार चेन्नई सुपर किंग्स का सामना करना पड़ा, जिसने फाइनल मैच में जीत हासिल करते हुए केकेआर की टीम के तीसरे खिताब को जीतने के सपने को तोड़ दिया।
आईपीएल 2021 के फाइनल तक पहुंचने में जितना योगदान वेंकटेश अय्यर का रहा उतना ही योगदान टीम के सलामी बल्लेबाज शुबमन गिल का भी रहा। दोनों ही खिलाड़ियों ने दूसरे लेग के दौरान बहुत सारे रन बनाये और टीम को एक के बाद एक जीत दिलाते चले गये। ऐसे में जब आईपीएल 2022 के लिये टीमों की ओर से खिलाड़ियों की रिटेन लिस्ट जारी करने के लिये कहा गया तो सभी को उम्मीद थी कि केकेआर की टीम उन्हें रिटेन करती नजर आयेगी।

4 ही खिलाड़ियों को रिटेन कर सकती है फ्रैंचाइजी
हालांकि ऐसा हुआ नहीं और जब केकेआर की टीम ने रिटेन लिस्ट जारी की तो काफी हैरान करने वाले नाम सामने आये। बीसीसीआई की ओर से मेगा ऑक्शन से पहले टीमों को अधिकतम 4 ही खिलाड़ी रिटेन करने की इजाजत दी गई थी, जिसमें अधिकतम 2 विदेशी शामिल थे, ऐसे में केकेआर की टीम ने मेगा नीलामी से पहले आंद्रे रसेल (12 करोड़), वरुण चक्रवर्ती (8 करोड़), वेंकटेश अय्यर (8 करोड़) और सुनील नरेन (6 करोड़) को रिटेन किया।
उल्लेखनीय है कि शुबमन गिल को रिलीज किये जाने की किसी को उम्मीद नहीं थी लेकिन जब ऐसा हो गया तो आईपीएल 2022 में भाग लेने वाली नई टीम अहमदाबाद ने मेगा ऑक्शन से पहले इस खिलाड़ी को अपने खेमे से जोड़ लिया है। केकेआर के हेड कोच ब्रैंडन मैक्कलम ने रिलीज लिस्ट जारी होने के बाद पहली बार इस मुद्दे पर चुप्पी तोड़ी है और बताया है कि उन्हें यह फैसला क्यों लेना पड़ा।

गिल को रिलीज करना निराशाजनक
कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम के हेड कोच ब्रैंडन मैक्कलम ने कहा कि शुबमन गिल जैसे युवा और प्रतिभाशाली खिलाड़ी को रिलीज करना काफी निराशाजनक रहा और हमारी टीम के लिये नुकसान दायक भी है।
केकेआर के लाइव सेशन में बात करते हुए मैक्कलम ने कहा,'आपको यह पता होता है कि मेगा ऑक्शन के दौरान आप बहुत सारे खिलाड़िोयं को खोने वाले हैं, ऐसे में आपको अपने प्लान्स इस हिसाब से बनाने चाहिये जिसमें आप जानते हैं कि बहुत सारे खिलाड़ी जाने वाले हैं। हालांकि इसके बावजूद शुबमन गिल का जाना हमारे लिये निराशाजनक रहा है, पर मुझे लगता है कि जिंदगी में ये भी होता है। हम आगामी मेगा ऑक्शन के लिये पूरी तैयारी के साथ उतरेंगे।'

इस वजह से गिल को नहीं कर सके रिटेन
गौरतलब है कि कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने शुबमन गिल को साल 2018 की नीलामी के दौरान 1.8 करोड़ रुपये में खरीदा था जिसके बाद उन्होंने केकेआर की ओर से 58 मैच खेलकर 1417 रन बना डाले हैं। मैक्कलम ने गिल के रिटेंशन को लेकर कहा कि हम सिर्फ 4 ही खिलाड़ी रिटेन कर सकते थे इसी वजह से हम उन प्लेयर्स की ओर गये जो हमारी टीम के लिये लंबे समय से बेहद अहम हिस्सा रहे हैं।
उन्होंने कहा,'सुनील नरेन और आंद्रे रसेल हमारी टीम के लिये पिछले एक दशक से अभियान का अहम हिस्सा रहे हैं। हम सभी ने देखा है कि वरुण चक्रवर्ती ने पिछले दो सीजन में क्या करके दिखाया है और उनके अंदर कितनी काबिलियत है। वेंकटेश अय्यर का रिटेंशन हमने आईपीएल 2021 के दूसरे लेग की वजह से किया, जहां पर मौका मिलते ही इस खिलाड़ी ने टीम को सबसे पहले बाहर होने के बजाय फाइनल तक पहुंच सके। ऐसे में हम चाह कर भी गिल को रिटेन नहीं कर सके।'

कमिंस को जाने देना भी दुखदायक
मैक्कलम ने इस दौरान ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिंस की भी जमकर तारीफ की और कहा कि भले ही कुछ लोग मानते हों कि इस खिलाड़ी ने अपनी कीमत के हिसाब से प्रदर्शन नहीं किया है, पर मुझे लगता है कि वो गलत है क्योंकि कमिंस ने टीम के लिये काफी शानदार काम किया है।
उन्होंने कहा,'मुझे लग रहा है कि पैट कमिंस हमारे लिये काफी अच्छी खरीद साबित हुए, कुछ लोग मान सकते हैं कि उन्होंने वैसा प्रदर्शन नहीं किया जिसकी हमेे दरकार थी, पर मैं उससे इत्तेफाक नहीं रखता। वह डिसिप्लिन के मामले में काफी शानदार रहे आंकड़ों के बिना भी काफी बड़े एचिवर रहे। आपके लिये ऐसे खिलाड़ियों को जाने देना काफी दुखद होता है।'












Click it and Unblock the Notifications