IPL 2022 के बाद भी जारी रहेगा खेलों का रोमांच, लगातार मिलेगा मनोरंजन का डोज
नई दिल्ली। दुनिया की सबसे मशहूर टी20 लीग आईपीएल के 15वें सीजन का खेल जारी है जिसमें फैन्स को हर रोज रोमांच और मनोरंजन की बेहतरीन खुराक मिलती नजर आती है। हालांकि रोमांच का यह डोज आईपीएल के बाद थमने वाला नहीं है। क्रिकेट, फुटबॉल और कॉमनवेल्थ गेम्स से लेकर खिलाड़ी साल भर किसी न किसी बड़ी प्रतियोगिता में अपने फैन्स का मनोरंजन करते नजर आयेंगे। आइये एक नजर 2022 के उन सभी बड़े टूर्नामेंट पर डालें जो आईपीएल 2022 के बाद फैन्स का मनोरंजन करते नजर आयेंगे।

आईपीएल के तुरंत बाद ही भारतीय टीम को साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीमित ओवर्स प्रारूप की सीरीज की मेजबानी करनी है। 9 से 19 जून तक खेली जानी वाली इस सीरीज के दौरान भारतीय टीम 5 टी20 मैचों की सीरीज के लिये साउथ अफ्रीका की मेजबानी करेगा। वहीं इसके बाद भारतीय टीम को 2 टी20 मैचों की सीरीज के लिये आयरलैंड का दौरा करना है जिसका आयोजन 26 और 28 जून को किया जाना है।
और पढ़ें: DC vs SRH: बेकार गई पूरन-मार्करम की विस्फोटक पारी, खलील के दम पर दिल्ली ने जीत की राह पर की वापसी

कॉमनवेल्थ में मिलेगा क्रिकेट का रोमांच
आयरलैंड दौरे के बाद भारतीय टीम को इंग्लैंड का दौरा करना है जहां पर वो पिछले साल खेली गई 5 मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मैच बर्मिंघम के मैदान पर एक जुलाई से खेलेगी। तो वहीं पर 7 जुलाई से 17 जुलाई के बीच 3 मैचों की वनडे और 3 मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी। इसके बाद फैन्स को कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 का लुत्फ उठाने का मौका मिलेगा जिसका आयोजन 28 जुलाई से 8 अगस्त के बीच बर्मिंघम में किया जायेगा। इन कॉमनवेल्थ गेम्स की सबसे खास बात यह है कि लगभग दो दशक के बाद महिला क्रिकेट को फिर से इन खेलों का हिस्सा बनाया गया है। कॉमनवेल्थ गेम्स में फैन्स को क्रिकेट के अलावा अन्य खेलों में भारतीय चुनौती का लुत्फ उठाने का मौका मिलेगा।

ग्रैंडस्लैम के साथ ही लगेगा एशिया कप का तड़का
इस बीच फैन्स को टेनिस ग्रैंडस्लैम का लुत्फ उठाने का मौका मिलेगा जिसमें एक बार फिर से जोकोविच, नडाल और फेडरर के बीच सबसे ज्यादा खिताब जीतने की प्रतिस्पर्धा नजर आयेगी। फ्रेंच ओपन का आयोजन 22 मई से 5 जून के बीच किया जाना हैं, तो वहीं पर 27 जून से 10 जुलाई के बीच विंबलडन खेला जायेगा। साल का आखिरी और चौथा बड़ा ग्रैंडस्लैम यूएस ओपन 29 अगस्त से 11 सितंबर के बीच न्यूयॉर्क में आयोजित किया जायेगा। वहीं ग्रैंडस्लैम और कॉमनवेल्थ गेम्स के रोमांच के बाद फैन्स की एक बार फिर से क्रिकेट के मैदान पर वापसी होगी जहां पर 2018 के बाद पहली बार श्रीलंका की मेजबानी में एशिया कप खेला जायेगा।

सितंबर में लगेगी वैश्विक टूर्नामेंट की झड़ी
आगामी टी20 विश्वकप को देखते हुए एशिया कप का आयोजन टी20 प्रारूप में किया जायेगा। इस टूर्नामेंट का आयोजन 27 अगस्त से 11 सितंबर के बीच किया जाना है, जिसके तुरंत बाद ही टीमें घर पर कुछ द्विपक्षीय सीरीज (अभी शेड्यूल जारी नहीं है) खेलकर ऑस्ट्रेलिया के लिये उड़ान भरेंगी जहां पर उन्हें टी20 विश्वकप 2022 में हिस्सा लेना है।
वहीं पर 10 सितंबर से चीन के हांगजोउ में 19वें एशियन गेम्स का आगाज भी होगा जिसमें खिलाड़ी-अलग खेलों में अपनी चुनौती पेश करते नजर आयेंगे। हालांकि कोरोना केस बढ़ने के चलते इसके टाले जाने के काफी आसार नजर आ रहे हैं। आपको बता दें कि टी20 विश्वकप के बाद भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने घर पर 5 मैचों की बॉर्डर गावस्कर टेस्ट सीरीज की मेजबानी करेगा।












Click it and Unblock the Notifications