आईपीएल 2022 में पूरा हुआ बचपन का सपना, दिल्ली कैपिटल्स से जुड़कर खुश हुए रोवमैन पोवेल
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का आगाज 26 मार्च से 4 बार की खिताबी चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम के बीच वानखेड़े के मैदान पर खेले जाने वाले ओपनिंग मैच से होगा। इस सीजन दुनिया की सबसे मशहूर और महंगी फ्रैंचाइजी टी20 लीग में 8 के बजाय 10 टीमें भिड़ने वाली हैं, जिसकी वजह से मैचों की संख्या बढ़कर 74 हो गई है। इतना ही नहीं आईपीएल 2022 में टूर्नामेंट को ज्यादा रोमांचक बनाने के लिये गवर्निंग काउंसिल ने न सिर्फ टूर्नामेंट के प्रारूप में बदलाव किये हैं बल्कि सभी टीमों के खिलाड़ियों के लिये की गई नीलामी में भी खूब रोमांच देखने को मिला।

आईपीएल 2022 में पुरानी टीमें अधिकतम 4 खिलाड़ी रिटेन कर सकती थी तो वहीं पर नई टीमें सिर्फ 3 खिलाड़ियों को ड्रॉफ्ट कर सकती थी जिसकी वजह से इस बार के ऑक्शन में कई दिग्गज खिलाड़ियों की टीम बदल गई। इसमें दिल्ली कैपिटल्स का नाम भी शामिल रहा जिसने अपने कई पुराने प्लेयर्स को खो दिया तो वहीं पर कुछ नये खिलाड़ी भी उसके खेमे से जुड़े।
और पढ़ें: 'ब्रो! गलत आदमी से बात कर रहे हो', जब कार्तिक ने कोहली से की थी RCB में शामिल होने की सिफारिश

ऋषभ पंत ने पहले ही किया था स्वागत
आईपीएल 2022 में वेस्टइंडीज के बैटर रोवमेन पोवेल और विकेटकीपर बल्लेबाज केएस भरत का नाम भी शामिल है। इन दोनों ही खिलाड़ियों ने बुधवार को दिल्ली कैपिटल्स का खेमा ज्वाइन करते हुए आगामी टाटा आईपीएल 2022 के अभियान का आगाज कर दिया है।
रोवमैन पोवेल ने दिल्ली कैपिटल्स के साथ अपने आईपीएल करयर का आगाज करने पर बात करते हुए कहा, 'दिल्ली कैपिटल कैम्प में शामिल होना बहुत अच्छा अनुभव था। मैंने इस फ्रैंचाइजी के बारे में बहुत सी अच्छी चीज़ें सुनी हैं। खिलाड़ियों ने भी मेरा स्वागत किया। कोलकाता में टी20 सीरीज़ के दौरान भी मुझे ऋषभ के साथ बातचीत करने का मौका मिला था। उन्होंने मुझसे कहा कि मेरे दिल्ली कैपिटल्स में शामिल होने से वे बहुत खुश हैं।'

बचपन का सपना हुआ पूरा
वेस्ट इंडीज के इस दिग्गज खिलाड़ी ने बात करते हुए रोवमैन पोवेल ने कहा कि उनका बचपन से ही दिल्ली कैपिटल्स के हेड कोच रिकी पोंटिंग के साथ काम करना चाहते हैं।
उन्होंने कहा, 'जब मैं बच्चा था, तभी से मैंने रिकी पोंटिंग को बल्लेबाजी करते देखा है। मैं जानता हूं कि वे किस तरह के लीडर थे, जब वे ऑस्ट्रेलियाई टीम की कप्तानी कर रहे थे। मुझे लगता है कि कोच के रूप में भी वे वैसे ही लीडर होंगे। वे वास्तव में बहुत अच्छे हैं और मुझे उनसे बहुत कुछ सीखने का मौका मिलेगा।'

जानें क्या बोले केएस भरत
गौरतलब है कि टाटा आईपीएल 2022 की शुरूआत 26 मार्च 2022 को होगी जिसमें दिल्ली कैपिटल्स 27 मार्च 2022 को मुंबई इंडियन्स के साथ अपना पहला मैच खेलेगी। वहीं भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज केएस भरत ने कहा कि दिल्ली के साथ जुड़ने के बाद कहा कि वो इस सीजन चीजों को आसान रखना चाहते हैं।
उन्होंने कहा, 'दिल्ली कैम्प में फिर से शामिल होना बहुत अच्छा अनुभव है। मुझे उम्मीद है कि यह सीज़न बेहतरीन होगा। पहले प्रेक्टिस सैशन के दौरान कुछ खिलाड़ियों से बातचीत करना बहुत अच्छा लगा। उम्मीद करता हूं कि आगामी सीज़न बहुत अच्छा होगा।'












Click it and Unblock the Notifications