'ब्रो! गलत आदमी से बात कर रहे हो', जब कार्तिक ने कोहली से की थी RCB में शामिल होने की सिफारिश
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का आगाज होने में अब बस 9 दिन का ही समय रह गया है और सभी फ्रैंचाइजियां लीग के नये फॉर्मेट में 10 टीमों के साथ भिड़ने की तैयारियों में जुटी हुई है। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन में 2 नई टीमों लखनऊ सुपरजाएंटस और गुजरात टाइटंस के जुड़ने की वजह से इस साल 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं और मैचों की संख्या बढ़कर 74 हो गई है।

आरसीबी की टीम ने रविवार को आगामी सीजन के लिये अपनी टीम के नये कप्तान के नाम का ऐलान करते हुए साउथ अफ्रीका के फाफ डुप्लेसिस को टीम की कमान सौंपी है। आरसीबी ने फ्रैंचाइजी के फैन इवेंट आरसीबी अनबॉक्स में नये कप्तान का ऐलान किया जिसकी खबर खुद विराट कोहली ने अपने एक वीडियो मैसेज के जरिये दी। विराट कोहली ने पिछले सीजन में आरसीबी के कैंपेन को खत्म करने से पहले ही अपने कप्तानी छोड़ने का ऐलान कर दिया था।
और पढ़ें: श्रीलंका को रौंद कर विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप में भारत ने लगाई छलांग, जानें अब किस पायदान पर पहुंची

जब कार्तिक ने की कोहली से आरसीबी में लेने की सिफारिश
फ्रैंचाइजी ने कोहली को इसके बाद टीम में रिटेन किया और जब बीसीसीआई ने फरवरी में खिलाड़ियों की नीलामी का आयोजन किया तो बैंगलोर ने सीएसके को पछाड़ते हुए फाफ डुप्लेसिस को 7 करोड़ रुपये देकर अपने खेमे में शामिल कर लिया। आरसीबी की टीम ने इस दौरान कोलकाता नाइटराइडर्स के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक को भी अपने खेमे में शामिल किया था जिसके बाद जब टीम के नये कप्तान को चुनने की बारी आयी तो ग्लेन मैक्सवेल, फाफ डुप्लेसिस और दिनेश कार्तिक को सबसे बड़े उम्मीदवार के रूप में देखा जा रहा था। हालांकि 12 मार्च को आरसीबी की टीम ने सभी रिपोर्ट को खारिज करते हुए फाफ डुप्लेसिस को टीम की कमान सौंप दी। इस इवेंट के दौरान आरसीबी के कई खिलाड़ी भी फैन से रूबरू होने पहुंचे जिसमें दिनेश कार्तिक ने उस बात का जिक्र किया जिसने सभी को हैरान कर दिया।

इंग्लैंड दौरे पर की थी बातचीत
फैन इवेंट में एंकरिंग कर रहे दिनेश सेट ने आरसीबी के इस नये खिलाड़ी से बात की और पूछा कि क्या उन्होंने खुद को आरसीबी में चुने जाने के लिये विरा़ट कोहली से सिफारिश की थी, जिसके जवाब में दिनेश कार्तिक ने हां कहा और बताया कि इंग्लैंड दौरे पर उन दोनों के बीच क्या बातचीत हुई थी।
जब एंकर दिनेश सेट ने उनसे सवाल किया तो कार्तिक ने कहा,'हां मैंने विराट से इंग्लैंड दौरे पर बिल्कुल इस बारे में बात की थी। मैं विराट से कहा कि क्या आरसीबी की टीम उन्हें नीलामी के दौरान अपने खेमे में शामिल करने के बारे में सोच सकती है। इस पर विराट कोहली ने कहा था कि भाई शायद तुम इस मामले को लेकर गलत आदमी से बात कर रहे हो।'

कार्तिक ने की डुप्लेसिस की जमकर तारीफ
इस मौके पर दिनेश कार्तिक ने आरसीबी की टीम के नये कप्तान फाफ डुप्लेसिस के बारे में भी बात की और कहा कि डुप्लेसिस रणनीतिक रूप से बहुत शानार कप्तानी करते हैं और उनके जैसा कोई दूसरा नहीं है।
उन्होंने कहा,'एक खिलाड़ी के रूप में वो कुछ ऐसे काम करते हैं जिससे वो आपनी काबिलियत को ज्यादा से ज्यादा निखार कर लाते हैं जो कि एक कप्तान के रूप में अच्छे संकेत हैं क्योंकि उन्हें पता होता है कि आपको खिलाड़ियों से क्या चाहिये और वो उसकी परेशानियों को भी अच्छे से समझ सकते हैं। एक कप्तान के रूप में यह बहुत जरूरी है। मैं उनके खिलाफ भी खेला हूं, जब वो साउथ अफ्रीका की कप्तानी करते थे तो रणनीतिक रूप से काफी दुरुस्त नजर आते थे। वो अपने हर मैच को अच्छे से जानते हैं और आईपीएल में एक अच्छा कप्तान होने के लिये रणनीतिक रूप से आपको मजबूत होना जरूरी है। मुझे नहीं लगता कि उनके जैसा दूसरा कोई है।'












Click it and Unblock the Notifications