GT vs RR: राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीत किया एक बदलाव, गुजरात टाइटंस ने यश दयाल को कराया डेब्यू
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 24वां मैच मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है, जहां पर गुजरात टाइटंस की टीम का सामना राजस्थान रॉयल्स से हो रहा है। दोनों टीमों के लिये यह सीजन अब तक काफी शानदार रहा है जिसमें 4 मैच खेलकर दोनों टीमों को सिर्फ 1 ही हार का सामना करना पड़ा है, हालांकि नेट रन रेट के चलते राजस्थान रॉयल्स की टीम अंकतालिका में पहले पायदान पर कब्जा बनाया है तो वहीं पर गुजरात टाइटंस की टीम पांचवे पायदान पर काबिज है।

दोनों टीमें इस सीजन पहली बार एक दूसरे के सामने खेलने उतरी हैं। गुजरात टाइटंस की टीम ने इस सीजन पहले तीन मैचों में लगातार जीत हासिल की लेकिन पिछले मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा, तो वहीं पर राजस्थान रॉयल्स की टीम जीत की लय के साथ यहां पहुंची हैं। पिच पर ओस की भूमिका काफी अहम होने वाली है तो वहीं पर स्पिनर्स और पेसर्स को भी मदद मिलने की उम्मीद है।

चोट ने बोल्ट को किया बाहर
इसी को देखते हुए जब 5 मैचों बाद राजस्थान रॉयल्स की टीम के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीता तो पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। टॉस जीतकर संजू सैमसन ने कहा कि हम मैदान पर गेंदबाजों को मिलने वाली मदद का फायदा उठाना चाहते हैं। हालांकि राजस्थान रॉयल्स की टीम को मैच से पहले झटका लगा है क्योंकि पावरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले ट्रेंट बोल्ट चोटिल हो गये हैं जिसकी वजह से राजस्थान की टीम ने एक बदलाव करते हुए जिम्मी नीशम को मौका दिया है।

कौन हैं डेब्यू कर रहे यश दयाल
वहीं गुजरात टाइटंस की टीम ने भी इस मैच के लिये दो बदलाव किये हैं। गुजरात टाइटंस ने अपने खेमे में दर्शन नलकंडे की जगह युवा ऑलराउंडर यश दयाल को डेब्यू कराया है, जो कि लेफ्ट आर्म सीमर हैं और गेंद को दोनों तरफ लहराने का हुनर रखते हैं तो वहीं पर साई सुदर्शन की जगह विजय शंकर को दोबारा मौका दिया गया है। यश दयाल ने घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है और फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 14 मैच खेलकर 50 विकेट चटकाये हैं, तो वहीं पर लिस्ट ए में 14 मैच खेलकर 23 विकेट हासिल किये हैं। इलाहाबाद से आने वाले युवा पेसर ने 15 टी20 मैच खेलकर 15 विकेट चटकाये हैं। इस दौरान बल्लेबाजी ज्यादा मिली नहीं है लेकिन जब भी मौका मिला तो उन्होंने उसमें अच्छा योगदान दिया है।

जानें कैसी है प्लेइंग 11
गुजरात टाइटंस (प्लेइंग इलेवन): मैथ्यू वेड (डब्ल्यू), शुभमन गिल, विजय शंकर, हार्दिक पांड्या (सी), डेविड मिलर, अभिनव मनोहर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, लॉकी फर्ग्यूसन, मोहम्मद शमी, यश दयाल।
राजस्थान रॉयल्स (प्लेइंग इलेवन): जोस बटलर, देवदत्त पडिक्कल, संजू सैमसन (w/c), रस्सी वैन डेर डूसन, शिमरोन हेटमायर, जेम्स नीशम, रियान पराग, रविचंद्रन अश्विन, कुलदीप सेन, प्रसिद्ध कृष्णा, युजवेंद्र चहल।












Click it and Unblock the Notifications