GT vs RR: फाइनल मैच में छाई कप्तान हार्दिक की गेंदबाजी, राजस्थान की कमर तोड़ बनाया बड़ा रिकॉर्ड
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का फाइनल मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है, जहां पर सवा लाख से ज्यादा फैन्स को गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच ऐतिहासिक मुकाबला देखने को मिल रहा है। इस अहम मैच में राजस्थान रॉयल्स की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला जरूर किया लेकिन गुजरात टाइटंस के लिये उसके कप्तान हार्दिक पांड्या ने गेंदबाजी में धमाल करते हुए राजस्थान की कमर तोड़ दी और निर्धारित 20 ओवर्स में 9 विकेट झटक कर 130 रन के स्कोर पर रोक दिया है।

राजस्थान रॉयल्स की टीम के लिये यशस्वी जायसवाल (22) और जोस बटलर (39) ने संभलकर पारी का आगाज जरूर किया लेकिन यश दयाल ने चौथे ओवर में जायसवाल का विकेट लेकर अपनी टीम को पहली सफलता दिला दी। जायसवाल के आउट होने के बाद संजू सैमसन (14) ने बटलर के साथ पारी को आगे बढ़ाने का काम किया और पावरप्ले में एक विकेट खोकर 44 रन बना लिये।

पावरप्ले में राजस्थान ने की अच्छी शुरुआत
पावरप्ले के बाद बटलर ने फर्ग्यूसन के ओवर में 2 लगातार चौके लगाकर स्कोरकार्ड को तेजी से बढ़ाने की कोशिश जरूर की लेकिन कप्तान हार्दिक पांड्या ने बीच के ओवर्स में मैच का रुख बदल दिया। हार्दिक पांड्या ने अपने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 17 रन दिये और राजस्थान रॉयल्स के 3 बड़े बैटर्स को वापस पवेलियन भेज दिया। हार्दिक पांड्या ने पहले कप्तान संजू सैमसन (14) का विकेट लिया और 2009 के बाद आईपीएल फाइनल में सामने वाली टीम के कप्तान को वापस भेजने वाले दूसरे कप्तान बन गये। हार्दिक से पहले यह कारनामा अनिल कुंबले ने किया था।

पांड्या ने फाइनल में की रिकॉर्ड गेंदबाजी
सैमसन के बाद हार्दिक पांड्या ने जोस बटलर (39) को साहा के हाथों कैच कराकर दूसरा बड़ा झटका दिया तो वहीं पर अपने आखिरी ओवर में शिमरोन हेटमायर को अपनी ही गेंद पर कैच कराया और अपना स्पेल खत्म किया। हेटमायर ने इस ओवर में आउट होने से पहले हार्दिक के खिलाफ 2 लगातार चौके लगाने का कारनामा किया था। इसके साथ ही हार्दिक पांड्या आईपीएल फाइनल में शानदार गेंदबाजी करने वाले दूसरे कप्तान बन गये हैं। अनिल कुंबले ने 2009 में डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ खेले गये फाइनल मैच में 16 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किये थे तो वहीं पर हार्दिक पांड्या ने अब 17 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किये हैं और इस फेहरिस्त में दूसरे पायदान पर काबिज हो गये हैं।

इन बॉलर्स ने भी दिया गुजरात का साथ
हार्दिक पांड्या ने जिस तरह से गेंदबाजी की है उसने न सिर्फ गुजरात टाइटंस के फैन्स को खुश होने का मौका दिया है बल्कि भारतीय टीम में उनकी वापसी का इंतजार कर रहे फैन्स को भी जश्न मनाने का मौका मिल गया है। हार्दिक पांड्या के अलावा आर साई किशोर ने भी गुजरात टाइटंस के लिये शानदार गेंदबाजी की और 2 ओवर में 20 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किये। राशिद खान ने भी 4 ओवर के स्पेल में कंजूसी से रन दिये और 18 रन देकर एक विकेट अपने नाम किया। यश दयाल ने भी 3 ओवर फेंककर 17 रन दिये और 1 विकेट चटकाया। राजस्थान रॉयल्स की ओर से जायसवाल, बटलर, सैमसन, बोल्ट, पराग और हेटमायर को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज दहांई के आंकड़े को पार नहीं कर सका।












Click it and Unblock the Notifications