'वो जब आउट होता बस गालियां देते हुए जाता', पाकिस्तान के पूर्व कप्तान ने गावस्कर को लेकर किया बड़ा खुलासा
नई दिल्ली। टेस्ट क्रिकेट में भारत और पाकिस्तान के बीच भले ही साल 2008 के बाद से कोई द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेली गई है, लेकिन इससे पहले कई ऐसी यादगार कहानियां हैं जो फैन्स को यादों के गलियारों में ले जाकर भावुक कर देती है। इस दौरान कई ऐसे किस्से रहे हैं जो दोनों देशों के खिलाड़ियों की यादों में अच्छी और बुरी यादों के तौर पर जेहन में शामिल हैं, लेकिन दोनों ही टीम के खिलाड़ियों ने हमेशा ही एक दूसरे के प्रति सम्मान दिखाया है। भारत और पाकिस्तान के बीच की राइवलरी की बात करें तो जब भी यह टीमें मैदान पर एक दूसरे के सामने होती हैं तो एक अलग ही माहौल बन जाता है और न सिर्फ मैदान पर बल्कि मैदान के बाहर भी प्रतिद्वंदिता नजर आती है।

हालांकि दोनों देशों के खिलाड़ियों ने यह हमेशा जताया है कि मैदान पर प्रतिद्वंदिता अलग बात है लेकिन एक-दूसरे के साथ दोस्ती और खेल की भावना हमेशा बरकरार रहती है। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान जावेद मियांदाद का नाम भी भी उन खिलाड़ियों में शुमार है जिन्होंने हमेशा भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर की जमकर तारीफ की है।
और पढ़ें: Vitality T20 league में उतरी साउथ अफ्रीकी खिलाड़ी की पैंट, वायरल वीडियो देख नहीं रुकेगी हंसी

आउट होने पर गावस्कर देते थे गाली
यूं तो जावेद मियांदाद अक्सर सुनील गावस्कर की तारीफ करते नजर आते हैं लेकिन हाल ही में दिये गये एक इंटरव्यू में पाकिस्तान के इस दिग्गज खिलाड़ी ने गावस्कर के साथ अपनी जुबानी जंग को लेकर खुलासा किया है और बताया कि उन्हें कितना मजा आता था।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की ओर से जारी किये गये एक वीडियो में मियांदाद ने कहा,'मैं उन्हें बैटिंग करते हुए देखकर काफी खुश होता था। मुझे अच्छे से याद है कि मैं उनके करीब जाकर फील्डिंग किया करता था और हमेशा उनसे बातचीत कर उनका ध्यान बंटाने की कोशिश करता था लेकिन उनका अपने खेल पर ध्यान और कॉन्सिनट्रेशन बहुत ज्यादा था। हालांकि कुछ मौकों पर जब मैं उनका ध्यान भटकाने में कामयाब हो जाता था और वो आउट हो जाते थे तो मुझे जमकर गालियां देते हुए जाते थे। लेकिन मुझे उसका बुरा नहीं लगता था और मुझे काफी मजा आता था।'

छोटी हाइट होने के बावजूद बनाये ढेर सारे रन
जावेद मियांदाद ने गावस्कर की बल्लेबाजी की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि उनके हिसाब से गावस्कर सिर्फ बैटर नहीं बल्कि खुद में एक स्कूल हैं जिनकी बैटिंग का वीडियो देखकर ही खिलाड़ी काफी कुछ सीख सकते हैं। मियांदाद के अनुसार आज कल के बैटर्स को यह देखना चाहिये कि गावस्कर ने कैसे दुनिया के सबसे बेहतरीन गेंदबाजों माइकल होल्डिंग, एंडी रॉबर्टस, मैल्कम मार्शन, इमरान खान, रिचर्ड हेडली और डेनिस लिली जैसे गेंदबाजों के खिलाफ किस अंदाज में बल्लेबाजी की।

दुनिया के हर गेंदबाज की उधेड़ी बखिया
मियांदाद ने आगे बात करते हुए कहा,'यह काफी शानदार अनुभव था कि कद में छोटा होने के बावजूद वो दुनिया के सबसे बेहतरीन गेंदबाजों के खिलाफ आसानी से रन बनाते नजर आते थे। बैटिंग में उनकी निरंतरता और उनका प्रदर्शन अपने आप में यादगार रहा है। आजकल के बैटर्स सिर्फ उनकी वीडियोज को देखकर ही काफी कुछ सीख सकते हैं। वो यह सीख सकते हैं कि छोटा कद होने के बावजूद वो कैसे दुनिया के सबसे खतरनाक गेंदबाजों के खिलाफ निडर होकर खेला करते थे। वो एक ऐसे युग के बेहतरीन बल्लेबाज थे जिसने क्रिकेट के सबसे खतरनाक गेंदबाजों को देखा है और उन्होंने वेस्टइंडीज, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के खिलाफ भी सफलतापूर्वक प्रदर्शन किया है।'












Click it and Unblock the Notifications