श्रीलंका को रौंद कर विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप में भारत ने लगाई छलांग, जानें अब किस पायदान पर पहुंची
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच खेली जा रही 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के आखिरी मैच श्रीलंकाई कप्तान दिमुथ करुणारत्ने की शतकीय पारी के बावजूद भारतीय गेंदबाज जीत हासिल करने में कामयाब रहे। रविचंद्रन अश्विन और जसप्रीत बुमराह की शानदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जा रहे डे नाइट टेस्ट मैच में 228 रनों की जीत हासिल कर सीरीज में क्लीन स्वीप कर दिया। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के नेतृत्व में यह टीम इंडिया को मिली पहली सीरीज जीत है तो वहीं पर घरेलू सरजमीं पर मिली लगातार 15वीं जीत है।

दिमुथ करुणारत्ने ने दूसरे विकेट के लिये 97 रनों की साझेदारी की थी और अश्विन ने कुसल मेंडिस का विकेट लेकर इस साझेदारी को तोड़ने का काम किया। अश्विन ने इसके बाद धनंजय डिसिल्वा और लसिथ एमबुलदेनिया का विकेट लेकर मध्यक्रम की कमर को तोड़ दिया तो वहीं पर विश्वा फर्नांडो का विकेट लेकर पारी का चौथा विकेट हासिल किया।
और पढ़ें: श्रेयस अय्यर ने जीता ICC का प्लेयर ऑफ द मंथ का अवॉर्ड, श्रीलंका के खिलाफ खूब बरसाये रन

WTC की अंकतालिका में भारत को हुआ फायदा
श्रीलंका के खिलाफ इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने इस सीरीज से 24 अंक हासिल कर लिये और विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप की अंकतालिका में छलांग लगाते हुए चौथे पायदान पर पहुंच गई है। भारतीय टीम ने विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप 2021-23 के तहत अब तक 11 टेस्ट मैच खेले हैं जिसमें से उसे 6 मैचों में जीत, 3 में हार और 2 में ड्रॉ का सामना करना पड़ा है। इसके चलते भारतीय टीम ने विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप की अंकतालिका में कुल 80 अंक हासिल किये हैं लेकिन स्लो ओवर रेट के चलते 3 अंकों की कटौती का सामना करने के बाद उसके कुल अंक 77 हो गये हैं। श्रीलंका के खिलाफ इस सीरीज जीत की वजह से भारतीय टीम का जीत प्रतिशत 54 से बढ़कर 58.33 हो गया है और वो एक पायदान ऊपर चढ़कर टॉप 4 में पहुंच गई है।

ऑस्ट्रेलिया की टीम है सबसे टॉप पर काबिज
वहीं टॉप पर काबिज रही श्रीलंका की टीम इस हार के बाद अंकतालिका में 50 प्रतिशत अंक के साथ पांचवे पायदान पर काबिज हो गई है। फिलहाल ऑस्ट्रेलिया की टीम 77.77 जीत प्रतिशत के साथ प्वाइंटस टेबल में सबसे ऊपर काबिज है। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने अब तक कुल 6 टेस्ट मैच खेले हैं जिसमें से उसे 4 में जीत और 2 में ड्रॉ का सामना करना पड़ा है। पाकिस्तान की टीम भी 5 मैचों में 3 जीत, एक हार और एक ड्रॉ के चलते 66.66 प्रतिशत के साथ दूसरे पायदान पर काबिज है तो वहीं पर भारत को जनवरी में 2-1 से हराने वाली साउथ अफ्रीका की टीम 5 मैचों में 3 जीत के चलते 60 प्रतिशत के साथ तीसरे पायदान पर काबिज है।

वेस्टइंडीज पर आईसीसी ने लगाया जुर्माना
विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप की अंकतालिका में न्यूजीलैंड (38.88), बांग्लादेश (25.00), वेस्टइंडीज (23.33) और इंग्लैंड (11.67) की टीम भी शामिल हैं लेकिन मौजूदा स्थिति को देखते हुए उनका विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल की रेस से बाहर होना तय माना जा रहा है। वेस्टइंडीज की टीम को इंग्लैंड के खिलाफ खेले गये पहले टेस्ट मैच में स्लो ओवर रेट के तहत जुर्माने का नुकसान उठाना पड़ा है, जिसकी वजह से उसके न सिर्फ 2 अंक की कटौती की गई है बल्कि मैच फीस का 50 प्रतिशत भी काट लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications