IPL में 8वीं बार वार्नर हुए 400 पार, इस बार बैकसीट से ड्राइविंग करके दिखाया रेस कैसे जीतते हैं
नई दिल्ली, 12 मई: ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज डेविड वार्नर ने आईपीएल में अपने बेहतरीन करियर को अभी तक जारी रखा है। वह इस लीग में 8वीं बार 400 रन एक ही सीजन में पार कर गए। यह खिलाड़ी इंडियन प्रीमियर लीग के सबसे महान खिलाड़ियों में एक रहा है। बुधवार 11 मई को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुश्किल विकेट में वॉर्नर विपरीत परिस्थितियों में कामयाब रहे और 41 गेंदों पर नाबाद 52 रन बनाए। उन्होंने आक्रामक मिशेल मार्श के लिए खुद को बैक सीट पर रखा। ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मिशेल ने 62 गेंदों में 89 रन बनाए और डीसी की टीम आरआर को हराने में कामयाब रही।
Recommended Video

खुद बैकसीट पर जाकर पारी को सजा रहे हैं वार्नर
वार्नर इंडियन प्रीमियर लीग में खेलने वाले सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में से एक रहे हैं, और अगर एक ऑल टाइम आईपीएल इलेवन बनाई जाती है तो वहां डेविड की जगह होगी। पिछले नौ सीजन में उन्होंने आठ बार 400 रन का आंकड़ा पार किया है। वे पिछले साल सनराइजर्स हैदराबाद के साथ 2021 सीजन में चूक गए थे।
मौजूदा अभियान में, वार्नर के पास टॉप ऑर्डर में बहुत आक्रामक बल्लेबाज हैं। उन्होंने अपनी भूमिका उसी हिसाब से बदल दी है। दुनिया के सबसे आक्रामक ओपनर में शामिल वार्नर पृथ्वी शॉ के ताबड़तोड़ अंदाज को आगे बढ़ाने के लिए खुद बैकसीट पर गए और पारी को सजाने का काम करते रहे। हालांकि बीच में उन्होंने अपनी पुरानी फ्रैंचाइजी (SRH) की धुनाई करते हुए केवल 58 गेंदों में नाबाद 92 रनों की पारी खेली।

वार्नर ने मिशेल मार्श की तारीफ की
वार्नर परिस्थितियों और साथी बल्लेबाजों की आक्रामकता के हिसाब से एडजस्ट कर रहे हैं। मुंबई में डॉ डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ मैच में प्लेयर ऑफ द मैच मिशेल मार्श रहे। वार्नर ने मिशेल मार्श की तारीफ की। दाएं हाथ के मार्श बाएं पहले ही ओवर में एस भरत के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए। वहां से मार्श ने वॉर्नर के साथ दूसरे विकेट के लिए 144 रनों की साझेदारी की। खेल के बाद, वार्नर ने अपने साथी की प्रशंसा की।
वार्नर ने कहा, "लाइन पार करना अच्छा लगता है। मिशेल बहुत अच्छे थे। वे बैटिंग के लिए आए और पॉजिटिव लगे। हमने उनसे सिर्फ इतना कहा कि अगर वह 80 या 90 रन बना सकते हैं तो वह हमारे लिए मैच जीत सकते हैं।'

यह दो गति वाला विकेट था
वॉर्नर ने रॉयल्स के बल्लेबाजों को बड़ा स्कोर नहीं देने के लिए गेंदबाजों की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, "गेंदबाजों ने भी बहुत अच्छा काम किया। यह दो गति वाला विकेट था, हार्ड लेंथ को हिट करना आसान नहीं था। कुछ ने थोड़ा और उछाल दिया।"
जीत के साथ डीसी +0.210 के नेट रन रेट के साथ अंक तालिका में पांचवें स्थान पर रहा। वार्नर ने माना कि 11 गेंद शेष रहते जीतना डीसी के लिए महत्वपूर्ण था क्योंकि पेचीदा स्थिति में नेट रन रेट महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

नेट रन रेट प्लेऑफ की दौड़ में बड़ा फैक्टर है
डेविड ने कहा, "यह महत्वपूर्ण है क्योंकि नेट रन रेट प्लेऑफ की दौड़ में कई टीमों के साथ एक बड़ा फैक्टर है। हर कोई अच्छी भावना में है और यह हमारे लिए एक बड़ी जीत है।"
दिल्ली कैपिटल अगले सोमवार, 16 मई को इसी स्थान पर पंजाब किंग्स (PBKS) के साथ खेलेगी। अब प्रतियोगिता उस स्टेज पर जहां एक हार या जीत प्लेऑफ में उनके खेल को आगे बढ़ा सकती है या फिर खत्म कर सकती है।












Click it and Unblock the Notifications