गावस्कर बोले- IPL 2022 में सबसे खतरनाक साबित होगी यह जोड़ी, LSG vs GT के मैच से पहले दी चेतावनी
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का आगाज हो गया है जिसके तीन मैच खेले जा चुके हैं और तीनों ही मैच में फैन्स को रोमांच का तगड़ा डोज देखने को मिला है। इस बीच आईपीएल के 15वें सीजन में पहली बार हिस्सा ले रही गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपर जाएंटस की दो नई टीमें सोमवार को वानखेड़े के मैदान पर अपना पहला मैच खेलती नजर आयेंगी। दोनों ही नयी टीमों ने आईपीएल 2022 की नीलामी के दौरान बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कई दिग्गज खिलाड़ियों को अपने खेमे से जोड़ा है और डेब्यू सीजन में खिताब अपने नाम करने की ओर देख रही हैं।

लखनऊ सुपर जाएंटस की फ्रैंचाइजी ने जहां अपनी टीम की कमान केएल राहुल को सौंपी है तो वहीं पर गुजरात टाइटंस ने हार्दिक पांड्या के नेतृत्व में खेलने का फैसला किया है। ऐसे में दोनों ही टीमें अपने डेब्यू मैच में जीत के साथ आगाज करना चाहेंगी। इस मैच में जहां केएल राहुल आईपीएल में दूसरी फ्रैंचाइजी के लिये कप्तानी के अनुभव के साथ उतरेंगे तो वहीं पर हार्दिक पांड्या पहली बार कप्तान की भूमिका निभायेंगे।
और पढ़ें: RCB vs PBKS: 205 रन बनाकर भी हारी आरसीबी, जानें क्यों जीता पंजाब किंग्स

कौन सी ओपनिंग जोड़ी होगी सबसे खतरनाक
दोनों ही टीमों के पास काफी शानदार खिलाड़ी हैं, जहां पर गुजरात टाइटंस के लिये शुभमन गिल और रहमनुल्लाह गुरबाज पारी का आगाज करते नजर आ सकते हैं तो वहीं पर लखनऊ सुपर जाएंटस के लिये कप्तान केएल राहुल के साथ साउथ अफ्रीका के क्विंटन डिकॉक उपलब्ध रहेंगे। इस मैच से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने स्टार स्पोर्टस के शो गेमप्लान में बात करते हुए हार्दिक पांड्या को वॉर्निंग दी है और बताया है कि आईपीएल के इस सीजन में कौन सी ओपनिंग जोड़ी सबसे खतरनाक साबित हो सकती है।
उन्होंने कहा,'केएल राहुल और क्विंटन डिकॉक की जोड़ी बायें-दांये हाथ का परफेक्ट कॉम्बिनेशन है जो इस खतरनाक जोड़ी को सबसे ज्यादा विस्फोटक बनाता है। दोनों ही खिलाड़ी तेजी से रन बनाने और जरूरत पड़ने पर पारी को संभालने की कला में माहिर हैं, ऐसे में न सिर्फ इस मैच में बल्कि आईपीएल के इस सीजन में यह ओपनिंग जोड़ी सबसे खतरनाक और डोमिनेट करने वाली साबित हो सकती है।'

डिकॉक के पास भी है कप्तानी का अनुभव
सुनील गावस्कर ने आगे बात करते हुए कहा कि इस जोड़ी की सबसे खास बात यह है कि इसमें क्विंटन डिकॉक के पास भी कप्तानी का अनुभव है, जिन्होंने साउथ अफ्रीका के लिये तीनों प्रारूप की कमान संभाली है। वह जानते हैं कि टीम बनाने की प्रक्रिया क्या होती है और इस के दौरान क्या जरूरी होता है। वह इस टीम बनाने की प्रक्रिया में अपना योगदान देने के लिये काफी उत्सुक होंगे।

लगातार 4 सीजन से कर रहे रनों की बारिश
गौरतलब है कि केएल राहुल ने पंजाब किंग्स के लिये खेले गये पिछले 4 सीजन में रनों की बारिश की है और लगातार एक सीजन में 500 से ज्यादा (659, 593, 670 और 626) रन बनाने का काम किया है। सुनील गावस्कर ने पंजाब किंग्स के लिये केएल राहुल की कप्तानी का आकलन किया और बताया कि लखनऊ सुपर जाएंटस की टीम उनसे क्या अलग चाह रही होगी।

लखनऊ में पंजाब से अलग होगी चुनौती
उन्होंने कहा,'जब वो पंजाब किंग्स के कप्तान थे तो ऐसा लगता था कि वो पहले से ही काफी व्यस्त है, हो सकता है उन्हें वो प्लेइंग 11 नहीं मिल पाती थी जिसे वो हासिल करना चाहते थे। हालांकि नई फ्रैंचाइजी लखनऊ सुपर जाएंटस में उनके लिये अलग चुनौती देखने को मिलेगी। यहां पर टीम उनसे रन चाहती है। अगर वो लखनऊ के लिये वैसे ही रन बनाते हैं जैसा कि पिछले कुछ सीजन में बनाया था और टीम को फाइनल्स के बजाय सिर्फ प्लेऑफ तक भी पहुंचा देते हैं तो यह उनकी कप्तानी करियर के लिये बड़ा कदम होगा।'












Click it and Unblock the Notifications