भारतीय महिला टीम ने रचा इतिहास… अपने आखिरी मैच में भी वर्ल्ड रिकॉर्ड बना गईं झूलन
स्पोर्ट्स डेस्क, 25 सितंबर: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने आखिरी वनडे में इंग्लैंड को उसी की धरती पर 16 रन से हराकर इतिहास रच दिया है। दीप्ति शर्मा के मांकडिंग स्टाइल रन आउट को लेकर भले ही दुनिया भर में विवाद जताया जा रहा हो, लेकिन हकीकत ये हैं कि टीम इंडिया ने इंग्लैंड को 3-0 से हराकर वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप किया। जीत के साथ ही टीम ने दिग्गज खिलाड़ी झूलन गोस्वामी को भी यादगार विदाई दीं। चलिए जानते हैं, मैच में बने रिकॉर्ड्स के बारे में...

टीम इंडिया ने रचा इतिहास
ये पहला मौका है, जब भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड की सरजमीं पर वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप किया हो। हरमनप्रीत कौर इंग्लैंड में उन्हीं के खिलाफ क्लीन स्वीप करने वाली पहली भारतीय कप्तान बनीं। साथ ही इंग्लैंड में इंग्लैंड को हराकर क्लीन स्वीप करने वाला भारत सिर्फ तीसरा देश बना। सबसे पहले 1996 में न्यूजीलैंड महिला टीम ने रिकॉर्ड बनाया था। उसके बाद 1998, 2001 और 2019 में ऑस्ट्रेलिया ने ये उपलब्धि हासिल की। अब टीम इंडिया का नाम भी इस लिस्ट में जुड़ गया है।

शिखर पर झूलन
अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच खेल रही झूलन गोस्वामी ने भी एक वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम किया। दरअसल, झूलन दुनिया की पहली ऐसी महिला गेंदबाज बनीं, जिन्होंने 10,000 से ज्यादा गेंद फेंकी हो। अपने 20 साल के वनडे करियर में दिग्गज भारतीय खिलाड़ी ने कुल 10005 गेंद फेंकना का विश्व रिकॉर्ड कायम किया। एक महिला एथलीट होने के नाते 10 हजार से ज्यादा गेंद फेंकना वाकई में किसी नायाब उपलब्धि से कम नहीं है।

वनडे में सबसे ज्यादा गेंद फेंकने वाली महिला खिलाड़ी
- 10005 - झूलन गोस्वामी (भारत)*
- 6807 - कैथरीन ब्रंटे (इंग्लैंड)
- 6252 - अनीसा मोहम्मद (वेस्टइंडीज)
- 6170 - शबनम इस्माइल (साउथ अफ्रीका)

20 साल 261 दिन का करियर
झूलन गोस्वामी का वनडे इंटरनेशनल करियर 20 साल 261 दिन तक चला। उनके अलावा भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ओर से मिताली राज ही ऐसी खिलाड़ी रही, जिनका करियर 20 साल से ज्यादा लंबा चला। ओवरऑल भारतीय (मेंस और विमेंस) क्रिकेट में सबसे पहले या रिकॉर्ड मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने बनाया था। अपने आखिरी मैच में झूलन ने 30 रन देकर 2 विकेट चटकाए।

मुकाबले का हाल
मैच में भारतीय महिला टीम पहले बल्लेबाजी करते 46वें ओवर में 169 पर ऑलआउट हो गई। ओपनर स्मृति मंधाना (50) के अलावा दीप्ति शर्मा 68 रन बनाकर नाबाद लौटीं। मेजबान टीम की ओर से केट क्रॉस को 4 विकेट मिले। इंग्लैंड के सामने 170 रन का टारगेट था, लेकिन पूरी टीम 44वें ओवर में 153 पर सिमट गई। शेर्लोट डीन (47) टॉप स्कोरर रही। भारत की ओर से रेणुका सिंह ने 4 विकेट अपने नाम किए।












Click it and Unblock the Notifications