IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया से हारकर टी20 वर्ल्ड कप से बाहर भारत, हरमनप्रीत की फिफ्टी भी नहीं आई काम
IND vs AUS: महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम का सफर लीग चरण में ही समाप्त हो गया। अंतिम लीग मुकाबले में भारत को ऑस्ट्रेलिया के हाथों 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 170 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया, लेकिन ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने 19 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। इस हार के साथ भारत की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद भी टूट गई।
भारतीय पारी की शुरुआत स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने संभली हुई अंदाज में की। स्मृति ने 37 गेंदों पर 38 रन बनाए, जबकि शेफाली ने 26 गेंदों में 34 रन की तेज पारी खेली। इसके बाद जेमिमा रोड्रिग्स ने 28 गेंदों पर 34 रन जोड़े, हालांकि वह रिटायर्ड आउट होकर मैदान से बाहर चली गईं।

आखिरी ओवरों में कप्तान हरमनप्रीत कौर ने विस्फोटक बल्लेबाजी का नजारा पेश किया। उन्होंने सिर्फ 27 गेंदों में 56 रन ठोक दिए, जिसमें 6 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। उनकी इस तूफानी पारी की बदौलत भारत ने 170 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया को रेणुका सिंह ने दूसरे ही गेंद पर जॉर्जिया वोल को आउट कर शुरुआती झटका दिया। इसके बाद बेथ मूनी (22) भी ज्यादा देर टिक नहीं सकीं। हालांकि फोबे लिचफील्ड ने 24 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन असली नुकसान भारत को एलिस पेरी और एश्ले गार्डनर की साझेदारी ने पहुंचाया। पेरी ने 38 गेंदों में 56 रन बनाए, जबकि गार्डनर ने महज 29 गेंदों पर नाबाद 53 रन की मैच जिताऊ पारी खेली। दोनों ने भारतीय गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा और जीत की नींव रख दी।
भारत की ओर से श्री चरणी और दीप्ति शर्मा ने एक-एक विकेट हासिल किया, जबकि रेणुका सिंह को भी एक सफलता मिली। लेकिन भारतीय गेंदबाज ऑस्ट्रेलिया की मजबूत बल्लेबाजी पर अंकुश नहीं लगा सके। ऑस्ट्रेलिया ने 19 ओवर में 4 विकेट खोकर 172 रन बना लिए और मुकाबला 6 विकेट से अपने नाम कर लिया। इस हार के साथ भारत का महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का अभियान समाप्त हो गया, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने एक बार फिर बड़े मैच में अपनी चैंपियन टीम होने का परिचय दिया। ग्रुप ए से ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका ने सेमीफाइनल में जगह बनाई।












Click it and Unblock the Notifications