ODI सीरीज में 26 ही रन बना पाए कोहली, रोहित ने विराट की खराब फॉर्म पर दी ये प्रतिक्रिया
अहमदाबाद, 11 फरवरी: भारतीय क्रिकेट टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज 3-0 से जीत ली है। भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली के लिए यह श्रंखला भूलने लायक साबित हुई। विराट कोहली का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के खिलाफ इतना बढ़िया था कि सब उनसे इस सीरीज में 1 शतक लगाने की उम्मीद तो कर ही रहे थे लेकिन शतक तो दूर विराट कोहली श्रंखला में दोहरे अंक को हासिल करने में भी संघर्ष करते हुए नजर आए। कोहली ने श्रृंखला के पहले मुकाबले में केवल 8 रनों का योगदान दिया। दूसरे मुकाबले में विराट कोहली 18 रन बनाकर आउट हुए और तीसरे मुकाबले में वह अपना खाता भी नहीं खोल सके।

2015 के बाद किसी वनडे सीरीज में 50 रन से कम बनाए
इस तरह से तीन मैचों की इस सीरीज में कोहली ने केवल 26 ही रन बनाएं। यह हाल तब है जब विराट कोहली अपने कंधे से कप्तानी का भार पूरी तरह से हटा चुके हैं और एक बल्लेबाज की हैसियत से ही टीम इंडिया में खेल रहे हैं। विराट कोहली हालांकि लंबे समय से इंटरनेशनल सेंचुरी भी नहीं लगा पाए हैं। वह नवंबर 2019 से अब तक तिहरे अंक की पारी खेलने में नाकामयाब रहे हैं। पिछले 6 महीनों में कोहली के आस पास इतने विवाद रहे कि उन्होंने पहले T20 कप्तानी से इस्तीफा दिया फिर वनडे कप्तानी से उनको हटा दिया गया और टेस्ट कमान उन्होंने खुद छोड़ दी। अब ऐसा लगता है कि जैसे विराट कोहली बिल्कुल आउट ऑफ टच हैं और उन्होंने 2015 के बाद से पहली बार किसी वनडे सीरीज में 50 रन से कम बनाए हैं।

विराट कोहली की फॉर्म पर क्या कहना है
आइए देखते हैं भारत के वनडे कप्तान रोहित शर्मा का विराट कोहली की फॉर्म पर क्या कहना है। रोहित शर्मा फिलहाल विराट की फॉर्म को लेकर चिंतित नहीं है और उन्होंने कहा है कि भारत के पूर्व कप्तान को किसी तरह की कोई समस्या नहीं है और उनके पास अभी भी पूरा आत्मविश्वास है। मैच जीतने के बाद जब रिपोर्टरों ने रोहित शर्मा से कोहली के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि विराट कोहली को किसी तरह का आत्मविश्वास देने की जरूरत नहीं है। अगर कोहली को कॉन्फिडेंस की जरूरत है तो फिर टीम में किसके पास आत्मविश्वास होगा? मुझे पता है उन्होंने लंबे समय से शतक नहीं लगाया है लेकिन वे अर्धशतक लगा रहे हैं यहां तक कि दक्षिण अफ्रीका में भी उन्होंने तीन मुकाबलों में 2 अर्धशतक लगाए थे। विराट कोहली को किसी तरह के आत्मविश्वास की जरूरत नहीं है और वह बिल्कुल सही हैं। उनकी फॉर्म को लेकर टीम मैनेजमेंट बिल्कुल चिंतित नहीं है

सीरीज में कई पॉजिटिव भी रहें-
रोहित शर्मा भी इस सीरीज में बहुत ज्यादा रन बनाने में कामयाब साबित नहीं हुए और तीन मुकाबलों में 78 ही रनों का स्कोर कर पाए। उन्होंने पहले मुकाबले में 60 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी लेकिन बात के दो मैचों में जल्दी आउट हो गए। हालांकि भारत ने अपने इतिहास में वेस्टइंडीज का सूपड़ा साफ करने में सफलता हासिल की है और रोहित शर्मा का कहना यह है कि वे तीसरे मैच में मिडिल ऑर्डर के परफॉर्मेंसेस बहुत ज्यादा खुश है क्योंकि भारत के टॉप 3 बल्लेबाज काफी जल्दी आउट हो गए थे।
इस सीरीज में सूर्यकुमार यादव ने भी अच्छी बल्लेबाजी की। गेंदबाजी में प्रसिद्ध कृष्णा छाए रहे, कुलचा की जोड़ी ने बढ़िया वापसी की और मोहम्मद सिराज एक बार फिर विश्वसनीय साबित हुए। दीपक चाहर एक अच्छे आलराउंडर बनते जा रहे हैं और इन सबका प्रभाव आने वाली T20 सीरीज पर भी देखने को मिलेगा जो वेस्टइंडीज के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन में 16 से 20 फरवरी के बीच खेली जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications