IND vs WI: आकाश चोपड़ा ने बताया टीम सेलेक्शन में कौन सा खिलाड़ी हुआ नजरअंदाज, फिर भी नहीं कर रहा कोई बात

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने बुधवार को वेस्टइंडईज के खिलाफ खेली जाने वाली वनडे और टी20 सीरीज के लिये 18 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है, जिसका आगाज 6 फरवरी से होना है। चयनकर्ताओं ने टीम सेलेक्शन में कई नये नामों को जोड़ा है और काफी बदलाव देखने को मिले हैं, जिसमें युवा स्पिनर रवि बिश्नोई को पहली बार टीम में चुना गया है तो वहीं पर रोहित शर्मा भी चोट से उबरकर वापसी कर रहे हैं। कुलदीप यादव भी टीम में वापसी कर रहे हैं तो वहीं पर दीपक हुड्डा को भी मौका मिला है। हालांकि जहां एक ओर टीम में कुछ नये खिलाड़ियों को खेलने का मौका मिला है तो वहीं पर कई खिलाड़ी टीम से बाहर रहे हैं, जिसमें राहुल चाहर और वरुण चक्रवर्ती का नाम शामिल है।
वहीं 5 साल बाद टीम में वापसी करने वाले रविचंद्रन अश्विन को साउथ अफ्रीका के खराब दौरे की वजह से टीम से बाहर कर दिया गया है तो वहीं पर ईशान किशन और वेंकटेश अय्यर जो कि वनडे सीरीज में टीम का हिस्सा थे उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे टीम में शामिल नहीं किया गया है। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने कहा कि इन खिलाड़ियों को बाहर करने के पीछे बीसीसीआई की ओर से कोई वजह नहीं दी गई है।
और पढ़ें: BBL: भारी ड्रामे के बीच सिडनी सिक्सर्स ने जीता सेमीफाइनल मैच, बल्लेबाजी के लिये उतरे खुद सहायक कोच
अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए आकाश चोपड़ा ने कहा,'अश्विन के बारे में मैं कुछ भी नहीं कहूंगा क्योंकि ऐसी खबर आयी थी कि वो कम से कम 1.5 महीने के लिये उपलब्ध नहीं रहेंगे। लेकिन राहुल चाहर और वरुण चक्रवर्ती को लेकर कुछ नहीं कहा गया है। हम बिल्कुल भी नहीं जानते कि ये खिलाड़ी कहां पर हैं।'
आकाश चोपड़ा ने रवि बिश्नोई के सेलेक्सन पर खुशी जताते हुए राहुल चाहर का नाम भी नहीं लिये जाने पर हैरानी जताई है। भारतीय टीम के सेलेक्शन पर बात करते हुए आकाश चोपड़ा ने आगे कहा कि रवि बिश्नोई को पहली बार टीम में चुना गया है, लेकिन कोई भी राहुल चाहर के बारे में बात नहीं कर रहा है, जो कि काफी हैरानी भरा है। वेंकटेश अय्यर को टीम से बाहर कर दिया गया है, मुझे लगता है कि साथ अफ्रीका में दो वनडे मैच खेलने की वजह से उन्हें टीम से ड्रॉप किया गया है, दीपक हुड्डा को भी मौका मिला है जो कि ऑफ स्पिन गेंदबाजी करते हैं। यहां तक कि ईशान किशन को भी टीम में शामिल नहीं किया गया है। यह काफी मजेदार है क्योंकि कुछ महीने पहले तक यह खिलाड़ी टी20 विश्वकप की टीम का हिस्सा थे।'
और पढ़ें: रवि शास्त्री के बयान पर भड़के संजय मांजरेकर, कहा- बिना सिर पैर के बात करते हैं पूर्व हेड कोच
इस दौरान आकाश चोपड़ा ने यह भी कहा कि उन्हें उम्मीद है कि युवा रवि बिश्नोई की किस्मत का फैसला राहुल चाहर की तरह न हो सके। चोपड़ा ने आगे बात करते हुए कहा कि राहुल चाहर और वरुण चक्रवर्ती दोनों टी20 विश्वकप की टीम का हिस्सा थे लेकिन अब उनका अता-पता नहीं है। चाहर उपलब्ध नहीं थे और किसी ने नहीं बताया कि वो अनफिट हैं। लेकिन अब उनको लेकर कोई चर्चा नहीं हो रही है। मैं उम्मीद करता हूं कि रवि बिश्नोई के साथ ऐसा न हो सके।












Click it and Unblock the Notifications