BBL: भारी ड्रामे के बीच सिडनी सिक्सर्स ने जीता सेमीफाइनल मैच, बल्लेबाजी के लिये उतरे खुद सहायक कोच

नई दिल्ली। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की ओर से आयोजित किये जा रहे बिग बैश लीग के 11वें सीजन का दूसरा सेमीफाइनल मैच बुधवार को सिडनी सिक्सर्स और एडिलेड स्ट्राइकर्स की टीम के बीच खेला गया, जहां पर फैन्स को न सिर्फ एक रोमांचक मैच देखने को मिला बल्कि ड्रामे से भरपूर फाइनल ओवर भी देखा गया, जिसमें सिडनी सिक्सर्स की टीम ने 4 विकेट से जीत हासिल कर फाइनल में जगह बना ली है। बिग बैश लीग के 11वें सीजन के फाइनल मैच में अब सिडनी सिक्सर्स की टीम का सामना पर्थ स्कॉचर्स से होना है। भले ही इस मैच में सिडनी सिक्सर्स ने मैच में जीत हासिल कर ली है लेकिन मैच के बाद खेल जगत के कई दिग्गजों ने टीम की खेल भावना पर सवाल खड़े किये हैं कि क्या उनकी यह जीत स्पिरिट ऑफ द गेम के अनुकुल थी या नहीं।
इतना ही नहीं इस मैच में सिडनी सिक्सर्स की टीम को अपनी प्लेइंग 11 में टीम के सहायक कोच जे लेंटन को भी शामिल करना पड़ा। उल्लेखनीय है कि सेमीफाइनल मैच से पहले सिडनी सिक्सर्स के विकेटकीपर बल्लेबाज जोश फिलिप कोरोना संक्रमित पाये गये जिसकी वजह से सिडनी सिक्सर्स की टीम के पास कोई दूसरा विकेटकीपर बल्लेबाज नहीं बचा था।
और पढ़ें: विराट कोहली को 3 महीने की छुट्टी देना चाहते हैं पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री, जानें क्या है कारण
ऐसे में सिडनी सिक्सर्स को बायोबबल में शामिल खिलाड़ियों में से ही किसी को रिप्लेसमेंट के रूप में चुनना था, हालांकि सिडनी सिक्सर्स के पास कोई खिलाड़ी नहीं बचने की वजह से उसे अपने सहायक कोच जे लेंटन को प्लेइंग 11 में शामिल करने का फैसला किया। गौरतलब है कि जे लेंटन सिडनी सिक्सर्स के सहायक कोच की भूमिका निभाने से पहले एक विकेटकीपर बल्लेबाज रह चुके हैं।
मैच के दौरान सिडनी सिक्सर्स की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और शानदार शुरुआत करते हुए एडिलेड स्ट्राइकर्स के 3 विकेट महज 21 रन पर चटका दिये। हालांकि इयान कोकबेन (48), जोनाथन वेल्स (62) और रेनशॉ (36) की पारियों के दम पर 4 विकेट खोकर 167 रन बना लिये, जिसके जवाब में सिडनी की टीम को जीत के लिये 168 रनों की दरकार थी।
जवाब में सिडनी सिक्सर्स की टीम नियमित अंतराल पर अपने विकेट खोती रही, हालांकि सलामी बल्लेबाज हेडेन केर एक छोर पर खड़े रहे और नाबाद 98 रन बनाकर टीम को जीत दिला दी। गौरतलब है कि सिडनी सिक्सर्स की टीम को जीत के लिये आखिरी गेंद पर 2 रन की दरकार थी लेकिन दूसरे छोर पर खड़े जोर्डन सिल्क चोटिल नजर आ रहे थे और 2 रन दौड़ पाने में नाकाम नजर आ रहे थे। इसको देखते हुए टीम के कोच ने आखिरी गेंद फेंके जाने से पहले दूसरे छोर पर खड़े जॉर्डन सिल्क को रिटायर कर दिया और जे लेंटन को नॉन स्ट्राइकर एंड पर भेज दिया।
इसका फायदा सिडनी सिक्सर्स की टीम को भी मिला और हेडेन केर ने आखिरी गेंद पर मिड विकेट की तरफ शॉट खेला और दोनों ने 2 रन दौड़ लिये और अपनी टीम को जीत दिलाकर फाइनल में जगह बना ली। अब सिडनी सिक्सर्स का सामना खिताबी मुकाबले के लिये पर्थ स्कॉचर्स से होगा।












Click it and Unblock the Notifications