IND vs WI: 7 छक्के लगाकर सूर्यकुमार ने ठोंका ताबड़तोड़ अर्धशतक, आखिरी 5 ओवर्स में बनाये 86 रन
नई दिल्ली। भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही 3 मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स के मैदान पर खेला जा रहा है, जहां पर भारतीय टीम को एक बार फिर टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने के लिये उतरना पड़ा। दोनों टीमें इस मैच में 4-4 बदलावों के साथ उतरी थी, जहां पर ये बदलाव कैरिबियाई गेंदबाजों के पक्ष में साबित हुए तो वहीं पर बल्लेबाजी में भारतीय टीम के हक में नहीं रहा। भारतीय टीम के लिये ऋतुराज गायकवाड़ ने करीब 7 महीने बाद अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी की लेकिन 4 रन बनाकर ही वापस पवेलियन लौट गये।

भारतीय टीम ने सूर्यकुमार यादव (65) और वेंकटेश अय्यर (35*) के दम पर आखिरी के 5 ओवर्स में रनों की बारिश कर डाली और निर्धारित 20 ओवर्स में 5 विकेट खोकर 184 रन बना डाले। भारतीय टीम के लिये इस जोड़ी ने आखिरी 5 ओवर्स में 86 रन जोड़े और वेस्टइंडीज के सामने एक चुनौती भरा लक्ष्य रखा है।

15 ओवर में सिर्फ 98 रन ही बना सका था भारत
पहला विकेट महज 10 रन के स्कोर पर गंवा देने के बाद भारतीय टीम के लिये ईशान किशन (34) और श्रेयस अय्यर (25) ने पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिये 53 रनों की साझेदारी कर डाली। भारतीय बल्लेबाज एक अच्छे स्कोर की तरफ बढ़ते नजर आ रहे थे लेकिन तभी कैरिबियाई गेंदबाजों ने वापसी की और 93 रन के स्कोर तक उसके 4 विकेट झटक लिये। लगातार विकेट खोने के बाद भारतीय टीम के रन बनाने की गति धीमी हो गई थी वो 15 ओवर की समाप्ति पर 4 विकेट खोकर सिर्फ 98 रन ही जोड़ सकी थी।

सूर्यकुमार ने 27 गेंदों में ठोंका अर्धशतक
हालांकि यहां से भारतीय टीम के मध्यक्रम बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव (65) और वेंकटेश अय्यर (35) ने पारी को संभालते हुए तेजी से रन बनाने का काम किया और 41 गेंदों में पांचवे विकेट के लिये 91 रनों की साझेदारी कर डाली। सूर्यकुमार यादव ने महज 27 गेंदों में एक चौका और 5 छक्के लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया तो वहीं पर 31 गेंदों में एक चौके और 7 छक्के के दम पर 65 रन बनाकर वापस लौटे। इसके साथ ही सूर्यकुमार यादव ने अपने टी20 करियर का चौथा अर्धशतक लगाया तो वहीं सबसे बड़ा निजी स्कोर भी बना डाला। सूर्यकुमार यादव ने अपने टी20 करियर का चौथा अर्धशतक पूरा करने के बाद खास अंदाज में सूर्य नमस्कार भी किया। पारी की आखिरी गेंद पर सूर्यकुमार यादव बाउंड्री पर कैच होने के बाद वापस पवेलियन लौटे।

वेंकटेश अय्यर ने फिर खेली अहम पारी
भारतीय टीम के लिये इस सीरीज में पहले भी कई अहम पारियां खेल चुके वेंकटेश अय्यर ने एक बार फिर से शानदार प्रदर्शन किया और 19 गेंदों में 4 चौके और 2 छक्के लगाकर नाबाद 35 रनों की पारी खेली। वेंकटेश अय्यर और सूर्यकुमार यादव की जोड़ी ने आखिरी के 5 ओवर्स में तेजी से रन बनाते हुए 86 रन जोड़े और भारत को 186 रन के सम्मानजनक स्कोर पर पहुंचाया। इस जोड़ी से पहले ईशान किशन ने भी 31 गेंदों में 34 रन और श्रेयस अय्यर ने 16 गेंदों में 25 रनों की पारी खेलकर अपना योगदान दिया था।












Click it and Unblock the Notifications