'हमें किसे चुनना है ये आप नहीं बतायेंगे', हार्दिक को लेकर पत्रकार ने पूछा सवाल तो भड़क गये चेतन शर्मा
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच 24 फरवरी से खेली जाने वाली 3 मैचों की टी20 और 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिये शनिवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की चयन समिति ने शनिवार को 18 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है। इस मौके पर भारतीय चयन समिति के चेयरमैन चेतन शर्मा ने वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया से बात की और पत्रकारों के सवालों का जवाब दिया। हालांकि इस दौरान हार्दिक पांड्या को लेकर एक जर्नलिस्ट के सवाल ने चेतन शर्मा को परेशान कर दिया और वो उन पर भड़क उठे।

भारतीय चयन समिति के चेयरमैन चेतन शर्मा से बात करते हुए पत्रकार ने चयन समिति से हार्दिक पांड्या को ठीक तरह से मैनेज नहीं कर पाने को लेकर सवाल उठाया जिस पर मुख्य चयनकर्ता भड़क उठे। उल्लेखनीय है कि 2021 के टी20 विश्वकप के बाद से ही हार्दिक पांड्या भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं, जिन्हें न तो पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ मौका दिया गया था तो वहीं पर पहले वेस्टइंडीज और अब श्रीलंका के खिलाफ भी शामिल नहीं किया है।
और पढ़ें: IND vs WI: टी20 का बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर सकता है भारत, रोहित की निगाह कप्तानी के महारिकॉर्ड पर

आईपीएल से पहले फिट हो जाते हैं हार्दिक पांड्या
चयन समिति के काम करने के तरीके पर सवाल उठाते हुए पत्रकार ने आरोप लगाया कि हार्दिक हमेशा आईपीएल के शुरू होने से पहले फिट हो जाते हैं और वहां पर रन बनाकर भारतीय टीम में जगह बना लेते हैं। रिपोर्टर ने सवाल करते हुए कहा कि टी20 विश्वकप के बाद से लेकर अब तक हार्दिक जो भी कर रहे हैं उसे देखकर कुछ समझ नहीं आ रहा है कि वो क्या करना चाह रहे हैं, लेकिन इस यह कन्फर्म है कि वो आईपीएल के पहले मैच से पूर्व फिट हो जायेंगे।
पत्रकार के इस बयान को सुनकर चेतन शर्मा बुरी तरह भड़क गये और भारतीय टीम के सेलेक्शन पर सवाल उठाने और प्लेयर की आलोचना करने के बजाय उनका समर्थन करने की अपील की।

आप नहीं बतायेंगे किसे चुनना है किसे नहीं
चेतन शर्मा ने इस दौरान मीडिया से बेवजह विवाद खड़ा करने से बचने को कहा और कहा कि हार्दिक पांड्या ने भारतीय क्रिकेट के लिये जो कुछ भी हासिल किया है आप उसे झुठला नहीं सकते हैं।
उन्होंने कहा,'सबसे पहले आप उनसे बात कर सकते हैं, आपके पास उनका नंबर होगा। दूसरा आप चयन समिति के सदस्य नहीं है जो यह कह सके कि उन्होंने आईपीएल में रन बनाये हैं तो उन्हें टीम में चुन लेना चाहिये। चयन समिति में 5 सदस्य हैं और वो इस वक्त मेरे साथ बैठे हुए हैं, यहां पर, तो कौन टीम में चुना जायेगा और किसे मौका नहीं मिलेगा, यह आप हमें नहीं बतायेंगे। इसका फैसला हम करेंगे। लेकिन हार्दिक क्या करने वाले हैं यह समय ही बतायेगा।'

बेवजह बवाल खड़ा करने से बचिये
चेतन शर्मा ने आगे बात करते हुए कहा कि किसी भी खिलाड़ी की आलोचना करने के बजाय उसका समर्थन करना शुरू कीजिये। हार्दिक पांड्या ने भारत के लिये जो किया है उसे आप पल भर में नहीं भुला सकते हैं। हार्दिक को लेकर बेवजह बवाल मत खड़ा कीजिये, सिर्फ उतना सुनिये जितना कहा जा रहा है, आपके लिये वो काफी है।
गौरतलब है कि भारतीय चयन समिति ने शनिवार को श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट और टी20 सीरीज के लिये 18 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है, जिसका आगाज टी20 सीरीज के साथ होगा और फिर दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जायेगी।












Click it and Unblock the Notifications