पहले T20 के लिये क्या हो सकती है भारत की प्लेइंग 11, ईडन गार्डन्स में कैसा रहेगा पिच और मौसम का मिजाज
नई दिल्ली। भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही द्विपक्षीय सीरीज का दूसरा चरण बुधवार से ईडन गार्डन्स के मैदान पर शुरू होने जा रहा है, जहां पर भारतीय टीम 3-0 से वनडे सीरीज में जीत हासिल करने के बाद टी20 सीरीज में भी जीत के साथ आगाज करने की ओर देखेगी। वहीं पर वेस्टइंडीज की टीम वनडे सीरीज की हार को भुला कर टी20 सीरीज में वापसी करना चाहेगी। दोनों के बीच अब तक 17 बार टी20 मैच खेले जा चुके हैं जिसमें भारत ने 10 बार तो वेस्टइंडीज ने 6 बार जीत हासिल की है, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा है।

वनडे सीरीज में भारतीय टीम की जीत मुख्य वजह उसकी गेंदबाजी रही है, जबकि बल्लेबाजी में पहले खेलते हुए रोहित शर्मा की टीम 300 से ज्यादा का स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही थी। वहीं वेस्टइंडीज की टीम तीनों मैचों में 200 के आंकड़े को छू पाने में नाकाम रही है, ऐसे में एक नजर डालते हैं कि फैन्स को पहले मैच में क्या देखने को मिल सकता है।
और पढ़ें: 'मैने नहीं बताया, किसी और ने किया लीक', ड्रेसिंग रूम की बातें बाहर आने पर साहा ने तोड़ी चुप्पी

ओस निभायेगी मैच में अहम भूमिका
अहमदाबाद में खेले गये पहले तीन मैचों की बात करें तो दोनों में से किसी भी टीम को ओस का सामना नहीं करना पड़ा था, इसका मुख्य कारण मैच का लो स्कोरिंग होना रहा था, हालांकि ईडन गार्डन्स में इसका बदलना तय है। ईडन गार्डन्स में ओस का आना तय है, जिसका मतलब है कि शाम 7 बजे से खेले जाने वाले इस मैच में जो भी टीम टॉस जीतेगी वो पहले गेंदबाजी कर रनों का पीछा करना चाहेगी। इसे देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि मैच के नतीजे में टॉस और ओस अहम भूमिका निभाते नजर आयेंगे। कोलकाता की पिच की बात करें तो यहां पर हमेशा से बल्लेबाजों को मदद मिली है और वो बड़ी पारियां खेलते नजर आये हैं, जबकि शुरुआती 6 ओवर्स में तेज गेंदबाजों को पिच से मदद मिलने की उम्मीद रहती है। ऐसे में खिलाड़ियों को इन परिस्थितियों का फायदा उठाना जरूरी है, वरना मैच विपक्षी टीम की झोली में आसानी से चला जायेगा।

किस ओपनिंग जोड़ी के साथ उतर सकती है भारतीय टीम
उल्लेखनीय है कि टी20 सीरीज से पहले भारत के सलामी बल्लेबाज और उपकप्तान केएल राहुल चोट की वजह से बाहर हो गये हैं, जबकि वाशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल को भी चोट के चलते बाहर होना पड़ा है। ऐसे में भारतीय टीम कप्तान रोहित शर्मा के साथ ईशान किशन और ऋतुराज गायकवाड़ के साथ पारी का आगाज करने के बारे में सोच सकती है। ईशान किशन की मौजूदा फॉर्म को देखते हुए यह मौका उन्हें दिया जा सकता है। वहीं तीसरे नंबर पर विराट कोहली के बाद ऋषभ पंत, सूर्यकुमार यादव और श्रेयस अय्यर को शामिल करने के चांसेस ज्यादा हैं।

कुलचा की वापसी होगी मुश्किल
वाशिंगटन सुंदर के चोटिल होने के बाद कुलदीप यादव को टी20 सीरीज में भी जगह दी गई है, जिन्होंने आखिरी वनडे में अच्छा प्रदर्शन करते हुए 2 विकेट हासिल किये थे। हालांकि रोहित शर्मा तेज गेंदबाजों की मददगार पिच को देखते हुए कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल में से किसी एक ही स्पिनर को खिला सकते हैं, दोनों का साथ खेलना काफी मुश्किल है। वहीं तेज गेंदबाजी में कप्तान दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर के साथ मोहम्मद सिराज को मौका दे सकते हैं। साउथ अफ्रीका में शर्मनाक प्रदर्शन के बावजूद भुवनेश्वर कुमार को भी पहले मैच में मौका दिया जा सकता है, ताकि टी20 विश्वकप 2022 के लिये उनकी जगह तय करने पर फैसला लिया जा सके।

ऐसी हो सकती है भारत की प्लेइंग 11
पहले टी20 मैच के लिए भारत की संभावित प्लेइंग 11: रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन, विराट कोहली, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर, युजवेंद्र चहल, मोहम्मद सिराज, भुवनेश्वर कुमार।












Click it and Unblock the Notifications