IND vs WI: बेहतरीन पारी खेलकर आउट हुए शिखर धवन, केवल तीन रनों से शतक से चूके
त्रिनिदाद, 22 जुलाई: भारतीय कप्तान शिखर धवन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में करियर का 18वां वनडे शतक लगाने का मौका गंवा दिया है। धवन इस सीरीज में बतौर कप्तान उतर रहे हैं और उन्होंने पहले ही मुकाबले में 97 रनों की पारी खेली। रोहित शर्मा टी20 सीरीज में फिर से कप्तान के तौर पर जुड़ जाएंगे।

अपनी कप्तानी में धवन ने एक और सीरीज खेलते हुए काफी अच्छा मुकाबला खेला और शुबमन गिल के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। इसके बाद उन्होंने श्रेयस अय्यर के साथ बड़ी साझेदारी की।
इसके साथ ही भारतीय ओपनर धवन ने शतक की तेजी से कदम बढ़ाए लेकिन वे पक्के तौर पर नर्वस नाइंटी का शिकार हो गए वर्ना उनकी पारी ठोस और संयमित थी। धवन ने आउट होने से पहले एक शानदार छक्का लगाया और फिर गुडकेश मोती पर ऑफ साइड में एक चौका जड़ने के फेर में बैकवार्ड प्वाइंट पर शामराह ब्रुक्स को कैच थमा बैठे। यह एक हाथ से लिया बेहतरीन कैच था।
धवन ने 99 गेंदों पर 97 रनों की पार खेली और 10 चौके व तीन छक्के लगाए।
वेस्टइंडीज ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था जिसको भारतीय ओपनरों ने गलत साबित कर दिया। शुबमन गिल धवन के साथ मिलकर एक शानदार खेल दिखा रहे थे लेकिन उनको निकोलस पूरन के जबरदस्त थ्रो पर रन आउट होकर पवेलियन लौटना पड़ा। गिल ने 53 गेंदों पर 6 चौके और 2 छक्के लगाकर वनडे क्रिकेट में पहली हॉफ सेंचुरी लगाई।
इस दौरान धवन बिना किसी हड़बड़ाहट के खेल रहे थे। उन्होंने 53 गेंदों पर अपना पचासा ठोका और फिर शतक की ओर बढ़ गए। धवन ने लंबी पारी के दौरान एक बार भी जोखिम नहीं लिया और सिंगल पर ज्यादा ध्यान दिया जिसके चलते उनका स्ट्राइक रेट भी अधिक नहीं गिरा।












Click it and Unblock the Notifications