IND vs SL: पिंक बॉल टेस्ट में बुमराह ने की कपिल देव के रिकॉर्ड की बराबरी, सच साबित हुई गावस्कर की भविष्यवाणी
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच खेली जा रही 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मैच बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है, जिसका दूसरा ही दिन खेला जा रहा है लेकिन अब तक दोनों टीमें अपनी पहली पारी का खेल समाप्त कर चुकी हैं। भारतीय टीम ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और श्रेयस अय्यर (92) की जुझारू पारी के दम पर 252 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया।

जवाब में श्रीलंका की टीम ने बल्लेबाजी करते हुए पहले दिन का खेल समाप्त होने तक 83 रन बनाकर अपने 6 विकेट खो दिये थे, वहीं पर जब दूसरे दिन का खेल शुरू हुआ तो श्रीलंकाई टीम सिर्फ 20 मिनट तक ही खेल सकी और 109 रन के स्कोर पर सिमट गई। इसके चलते भारतीय टीम ने पहली पारी में 143 रनों की बढ़त हासिल कर ली है।
और पढ़ें: 'नहीं मानी बात तो बढ़ सकती हैं मुश्किल', सुनील गावस्कर ने भारत के युवा बैटर को दी चेतावनी

भारतीय गेंदबाजों ने किया शानदार प्रदर्शन
उल्लेखनीय है कि भारतीय टीम के गेंदबाजों ने इस मैच में शानदार प्रदर्शन किया है और श्रीलंकाई बल्लेबाजों को न पहले रन बनाने से रोका बल्कि नियमित अंतराल पर विकेट हासिल कर टीम को बड़ी बढ़त दिला दी है। श्रीलंका के लिये एंजेलो मैथ्यूज (43), निरोशन डिकवेला (21) और धनंजय डि सिल्वा ही वो 3 खिलाड़ी रहे जिन्होंने दहांई के आंकड़े को छुआ तो वहीं पर कोई भी दूसरा खिलाड़ी दहांई के आंकड़े को पार नहीं कर सका। भारत के लिये मोहम्मद शमी और रविचंद्रन अश्विन ने 2-2 विकेट चटकाये तो वहीं पर अक्षर पटेल के खाते में एक विकेट आया, इस बीच भारतीय टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने सबसे शानदार गेंदबाजी की और 5 विकेट अपने नाम किये।

पहली बार भारत में हासिल किये 5 विकेट
गौरतलब है कि जसप्रीत बुमराह ने स्पिनर्स के लिये मददगार इस पिच पर कहर बरपाया और टेस्ट करियर में 8वीं बार 5 विकेट हॉल अपने नाम किया। हालांकि यह बुमराह का घरेलू सरजमीं पर हासिल किया गया पहला 5 विकेट हॉल है। बुमराह ने 10 ओवर गेंदबाजी की जिसमें 4 मेडेन फेंके तो वहीं पर 24 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किये। बुमराह ने पहले दिन के खेल में शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट अपने नाम किये थे तो वहीं पर जब दूसरे दिन खेल का मौका आया तो एम्बलदुनिया और डिकवेला का विकेट हासिल कर विकेटों का पंजा पूरा कर लिया।

सच हुई सुनील गावस्कर की भविष्यवाणी
आपको बता दें कि जसप्रीत बुमराह के 5 विकेट लेने के साथ ही टेस्ट क्रिकेट के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर की भविष्यवाणी सच हो गई है, जिसमें उन्होंने सीरीज के शुरू होने से पहले दावा किया था कि बुमराह इस सीरीज के दौरान एक से ज्यादा 5 विकेट हॉल ले सकते हैं, नहीं तो उनका कम से कम एक बार 5 विकेट हॉल लेना तो बिल्कुल पक्का है। मोहाली टेस्ट में बुमराह के खाते में सिर्फ 2 ही विकेट आये थे, जिसके बाद बेंगलुरू में खेले जा रहे इस मैच में जब पहले सेशन से ही स्पिनर्स को मदद नजर आयी तो किसी को नहीं लगा था कि बुमराह 5 विकेट हासिल कर सकेंगे, लेकिन उन्होंने अपने अनुभव का बेहतरीन इस्तेमाल कर यह कारनामा कर के दिखाया।

कपिल देव के रिकॉर्ड की बराबर पहुंचे बुमराह
जसप्रीत बुमराह ने अपने करियर के 29वें टेस्ट मैच में निरोशन डिकवेला का विकेट हासिल कर 8वां 5 विकेट हॉल अपने नाम किया और 29 टेस्ट मैच में सबसे ज्यादा 5 विकेट हॉल लेने वाले भारतीय गेंदबाजों की लिस्ट में कपिल देव की बराबरी कर ली है। इससे पहले बुमराह ने अपने करियर में 2 बार ऑस्ट्रेलिया, 2 बार वेस्टइंडीज, 2 बार इंग्लैंड और एक बार न्यूजीलैंड के मैदान पर अपना 5 विकेट हॉल पूरा किया था।
इसके साथ ही जसप्रीत बुमराह पिंक बॉल टेस्ट में 5 विकेट हॉल लेने वाले चौथे भारतीय गेंदबाज बन गये हैं। इसमें अक्षर पटेल (2 बार), इशांत शर्मा और उमेश यादव का नाम शामिल है। इतना ही नहीं श्रीलंका के खिलाफ इस मैच में बुमराह की ओर से किया गया यह प्रदर्शन किसी भी भारतीय गेंदबाज की ओर से किया गया सबसे बेहतरीन स्पेल है। बुमराह ने इस मामले में इशांत शर्मा (5/54, 2015) को पीछे छोड़ने का कारनामा किया है।












Click it and Unblock the Notifications