IND vs SL: गंभीर है दीपक चाहर की इंजरी, सिर्फ श्रीलंका सीरीज ही नहीं आईपीएल से भी हो सकते हैं बाहर
नई दिल्ली। भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही 3 मैचों की टी20 सीरीज का अंत हो गया है, जिसका आखिरी मैच ईडन गार्डन्स के मैदान पर रविवार को खेला गया। जहां पर भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर्स में 184 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया और कैरिबियाई टीम 17 रन से लक्ष्य तक पहुंच पाने में नाकाम रहकर मैच हार गई। भारतीय टीम के लिये इस मैच में दीपक चाहर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए अपने दो ओवर में दो विकेट हासिल कर भारतीय टीम को शुरुआती सफलता दिलायी, लेकिन अपनो दूसरा ओवर पूरा कर पाने से पहले ही चोट का शिकार हो गये।

दीपक चाहर ने 1.5 ओवर्स गेंदबाजी की और 15 रन देकर 2 विकेट हासिल किये। इस मैच में भुवनेश्वर कुमार नहीं खेल रहे थे, ऐसे में दीपक चाहर के चोटिल हो जाने से टीम की जीत पर खतरे के बादल मंडराने लगे, हालांकि भारतीय बॉलर्स ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए वेस्टइंडीज को 167 रन पर रोक दिया और 17 रनों से जीत हासिल कर सीरीज को 3-0 से अपने नाम कर लिया।

श्रीलंका सीरीज में खेलना हुआ मुश्किल
मैदान से बाहर जाने के बाद भारतीय टीम का यह तेज गेंदबाज दोबारा वापसी नहीं कर सका। बाद में उनकी चोट को लेकर जो खबर आयी है उससे उनके श्रीलंका के खिलाफ 24 फरवरी से खेले जाने वाले 3 मैचों की टी20 सीरीज से बाहर होना लगभग तय माना जा रहा है। दीपक चाहर अपने दूसरे ओवर की आखिरी गेंद फेंकने के लिये रन अप ले रहे थे, कि तभी उन्होंने लंगड़ाता हुआ पाया गया। टीम मैनेजमेंट के अनुसार दीपक चाहर के दाहिने हैमस्ट्रिंग में खिंचाव पाया गया है जिसकी वजह से वो श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज से बाहर हो सकते हैं।

6 हफ्तों के लिये मैदान से बाहर हुए दीपक चाहर
फिलहाल दीपक चाहर की चोट कितनी गहरी है, इस बारे में बताया नहीं जा सकता लेकिन वह ग्रेड 1 टीयर का शिकार हुए हैं, जिसका मतलब है कि वो कम से कम 6 हफ्तों तक मैदान से बाहर रहने वाले हैं। अगर ऐसा होता है तो दीपक चाहर न सिर्फ श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज से बल्कि आईपीएल के शुरुआती मैचों से भी बाहर रह सकते हैं। उल्लेखनीय है कि वेस्टइंडीज सीरीज के दौरान भारत के लिये केएल राहुल, वाशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल भी चोट का शिकार होकर सीरीज से बाहर हो चुके हैं। हालांकि दीपक चाहर का बाहर होना भारतीय टीम के लिये ज्यादा चिंताजनक नहीं है क्योंकि उसके पास तेज गेंदबाजी के कई विकल्प मौजूद हैं, जिसे वो मौका दे सकती है।

आईपीएल के शुरुआती मैचों से भी रह सकते हैं बाहर
गौरतलब है कि 29 वर्षीय इस पेसर को चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने इस महीने हुई आईपीएल नीलामी में फिर से अपनी टीम के साथ जोड़ा है, जिसके लिये उन्हें 14 करोड़ रुपये की रकम अदा की है। ऐसे में अगर दीपक चाहर लंबे समय तक के लिये मैदान से बाहर रहते हैं तो फ्रैंचाइजी को इसका नुकसान उठाना पड़ सकता है। वहीं पर नेशनल टीम की बात करें तो वो धीरे-धीरे भारतीय टीम का हिस्सा बनते जा रहे हैं, खासतौर से सीमित ओवर्स प्रारूप में। आपको बता दें कि भारत को श्रीलंका के खिलाफ 3 मैचों की टी20 सीरीज और 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है, जिसका आगाज 24 फरवरी से लखनऊ के मैदान पर होगा।












Click it and Unblock the Notifications