Asia Cup में 9वीं बार Final में होगा IND vs SL का मैच, जानें किसके नाम है सबसे ज्यादा खिताब जीतने का रिकॉर्ड
Asia Cup final, india vs sri lanka: श्रीलंका ने एक बार फिर क्रिकेट फैंस को एशिया कप 2023 में भारत बनाम पाकिस्तान का ग्रैंड फिनाले देखने से वंचित कर दिया है। कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में श्रीलंकाई टीम ने बाबर आजम की टीम को 2 विकेट से हराकर फाइनल में जगह पक्की कर ली है। श्रीलंका अब रविवार यानी 17 सितंबर को टूर्नामेंट के फाइनल में 9वीं बार भारत से भिड़ेगी।
भारत-पाक प्रशंसकों को क्रिकेट की सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्विता का आनंद लेने का तीसरा मौका देने के लिए पाकिस्तान को केवल एक जीत की जरूरत थी। लेकिन सुपर 4 मैच में श्रीलंका ने शानदार प्रदर्शन कर उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया और मनचाही जीत हासिल कर रिकॉर्ड 11वीं बार एशिया कप के फाइनल में जगह बना ली है।

कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में जब टीम इंडिया मैदान पर उतरेगी तो ये उनका वनडे एशिया कप में 10वीं बार फाइनल मुकाबला होगा। एशिया कप में भारत ने अब तक सात बार खिताब जीता है। इस दौरान भारत ने 8 बार श्रीलंका के खिलाफ और एक बार बांग्लादेश की टीम के खिलाफ वनडे फॉर्मेट में एशिया कप का फाइनल खेला है।
भारत के नाम सबसे ज्यादा खिताब जीतने का रिकॉर्ड
भारतीय टीम ने एशिया कप का पहला फाइनल मैच 1984 में श्रीलंका को हराकर जीता था, और आखिरी बार साल 2018 में दुबई में फाइनल मैच में बांग्लादेश को हराकर खिताब अपने नाम किया था। एशिया कप में सबसे अधिक बार खिताब जीतने का रिकॉर्ड भारत के ही नाम है। भारतीय टीम ने सबसे ज्यादा 7 बार (साल 1984, 1988, 1990-91, 1995, 2010, 2016, 2018) खिताब जीता है। श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में भारत की कोशिश आठवीं बार ट्रॉफी अपने नाम करने की होगी।
जानिए किस टीम ने कब जीता मैच
- 1984 - भारत (सुनील गावस्कर की कप्तानी में)
- 1986 - श्रीलंका (दलीप मेंडिस की कप्तानी में)
- 1988 - भारत (दिलीप वेंगसरकर की कप्तानी में)
- 1990/91 - भारत (मोहम्मद अज़हरुद्दीन की कप्तानी में)
- 1995 - भारत (मोहम्मद अज़हरुद्दीन की कप्तानी में)
- 1997 - श्रीलंका (अर्जुन रणतुंगा की कप्तानी में)
- 2000 - पाकिस्तान (मोईन खान की कप्तानी में)
- 2004 - श्रीलंका (मार्वन अटापट्टू की कप्तानी में)
- 2008 - श्रीलंका (महेला जयवर्धने की कप्तानी में)
- 2010 - भारत (एमएस धोनी की कप्तानी में)
- 2012 - पाकिस्तान (मिस्बाह-उल-हक की कप्तानी में)
- 2014 - श्रीलंका (एंजेलो मैथ्यूज की कप्तानी में)
- 2016 - भारत (एमएस धोनी की कप्तानी में)
- 2018 - भारत (रोहित शर्मा की कप्तानी में)
- 2022 - श्रीलंका (दासुन शनाका की कप्तानी में)












Click it and Unblock the Notifications