1st Test: मोहाली टेस्ट को लेकर गावस्कर ने की भविष्यवाणी, बुमराह के लिये दिया बड़ा बयान
नई दिल्ली। विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप के तहत श्रीलंका के साथ खेली जाने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के साथ भारतीय टीम एक बार फिर से रेड बॉल क्रिकेट में वापसी कर रही है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3 मैचों की टेस्ट सीरीज को 2-1 से गंवाने के बाद भारतीय टीम नये कप्तान रोहित शर्मा के नेतृत्व में एक नई शुरुआत करने जा रही है। मोहाली के मैदान पर खेला जाने वाला यह मैच न सिर्फ रोहित शर्मा के लिये खास होने वाला है बल्कि पूर्व कप्तान विराट कोहली के करियर का भी 100वां टेस्ट मैच होगा, जिसके साथ ही वो यह कारनामा करने वाले 12वें भारतीय खिलाड़ी बन जायेंगे।

इसके साथ ही भारतीय टीम लंबे समय बाद अजिंक्य रहाणे और चेतेश्वर पुजारा के बिना खेलने उतरेगी, जिसका मतलब है कि भारतीय टेस्ट टीम बदलाव के दौर के साथ गुजर रही है और नये खिलाड़ियों के लिये भी यह मौका भुनाने का अवसर होगा। आखिरी बार जब विराट कोहली रहाणे और पुजारा के बिना मैदान पर उतरे थे तो विराट कोहली ने अपना पहला टेस्ट शतक लगाया था, ऐसे में फैन्स को उम्मीद है कि कोहली इस मैच में शतक लगातार न सिर्फ अपने शतक के सूखे को खत्म करें बल्कि उन खिलाड़ियों की फेहरिस्त में भी शामिल हो जायें जिन्होंने 100वें टेस्ट मैच में शतक जड़ने का कारनामा किया है।
और पढ़ें: 'पाजी, अब बस बहुत हुआ', 100वें टेस्ट से पहले सचिन ने सुनाया कोहली से जुड़ा 11 साल पुराना किस्सा

बुमराह को लेकर गावस्कर ने की भविष्यवाणी
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम ने अपने सीनियर खिलाड़ियों अजिंक्य रहाणे, चेतेश्वर पुजारा, इशांत शर्मा और रिद्धिमान साहा को आराम दिया है और श्रेयस अय्यर, हनुमा विहारी, केएस भरत और मोहम्मद सिराज जैसे युवा खिलाड़ियों पर दांव लगाया है। भारतीय टीम के पेस अटैक की जिम्मेदारी जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और सिराज जैसे युवा प्लेयर्स के हाथ में दी गई है। इस बीच भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने मोहाली में खेले जाने वाले पहले टेस्ट को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है। गावस्कर का मानना है कि जसप्रीत बुमराह श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में काफी घातक साबित होंगे और इस सीरीज में अगर वो 2 बार 5 विकेट हॉल हासिल करते हैं तो इसमें किसी को हैरानी नहीं होनी चाहिये।

बुमराह के 35-40 ओवर्स खेलना है मुश्किल
स्टार स्पोर्टस पर बात करते हुए उन्होंने कहा,'आपको ज्यादा हैरान नहीं होना चाहिये अगर आप जसप्रीत बुमराह को इन दो टेस्ट मैचों के दौरान 2 बार 5 विकेट हॉल चटकाते हुए देखते हैं। परिस्थितियां कैसी भी हों वो आपको शुरू से ही विकेट लेकर देगा। वह आपके लिये कभी भी विकेट चटका सकता है तो मुझे नहीं लगता कि इससे कोई फर्क पड़ने वाला है। कई सारे गेंदबाज खासतौर से पेसर्स के खिलाफ बल्लेबाज आसानी से 35-40 ओवर्स खेल जाते हैं, और बहुत कम ही ऐसे गेंदबाज होते हैं जो टेस्ट क्रिकेट में 34-35 से ऊपर गेंदबाजी करते हैं। बुमराह उन्हीं में से हैं।'

वापसी करने पर होगी भारतीय टीम की निगाह
गावस्कर का मानना है कि टेस्ट क्रिकेट में बुमराह के 35-40 ओवर्स किसी भी टीम के लिये खेल पाना मुश्किल है। गौरतलब है कि तेज गेंदबाजों के चोटिल होने की ज्यादा आशंका को देखते हुए उनके करियर को छोटा ही माना जाता है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ शर्मनाक हार का सामना करने के बाद भारतीय टीम जीत के साथ वापसी करने को बेताब नजर आयेगी। आपको बता दें कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय तेज गेंदबाज संघर्ष करते नजर आये थे, बुमराह को छोड़कर ज्यादातर गेंदबाज साउथ अफ्रीकी बल्लेबाजों के सामने मुश्किल में नजर आ रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications