'पाजी, अब बस बहुत हुआ', 100वें टेस्ट से पहले सचिन ने सुनाया कोहली से जुड़ा 11 साल पुराना किस्सा
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने अपने करियर का आगाज महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व वाली भारतीय टीम में किया था, जिस दौरान वो भारतीय क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर, विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंदर सहवाग, गौतम गंभीर, युवराज सिंह, जहीर खान और कई दिग्गजों के साथ खेलते नजर आये थे। कोहली ने दिग्गजों के बीच अपना करियर शुरू किया था और आज खुद क्रिकेट के सबसे बड़े दिग्गजों में शुमार हो चुके हैं। भारत और श्रीलंका के बीच शुक्रवार से शुरू होने जा रहे पहले टेस्ट मैच के दौरान विराट कोहली अपने टेस्ट करियर का 100वां मैच खेलते नजर आयेंगे, तो वहीं पर रोहित शर्मा टेस्ट प्रारूप में पहली बार कप्तानी करते नजर आयेंगे।

मोहाली के मैदान पर खेले जाने वाले इस मैच में श्रीलंका की टीम भी अपने 300 टेस्ट मैच पूरे करती नजर आयेगी। इन सभी खास उपलब्धियों को देखते हुए फैन्स के बीच खासा रोमांच बना हुआ है और हर कोई इस खास पल का हिस्सा बनना चाहता है। हालांकि पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने मोहाली में सिर्फ 50 प्रतिशत दर्शकों को ही आने की इजाजत दी है। इस बीच खेल जगत के पूर्व क्रिकेटर्स कोहली को इस उपलब्धि के लिये खास अंदाज में बधाई देते नजर आ रहे हैं।
और पढ़ें: IPL 2022 में एक गेंद फेंकने पर मिलने थे 3.43 लाख रुपये, पर अब मंडरा रहा बाहर होने का खतरा

वीडियो में सचिन ने याद किया 11 साल पुराना वादा
कोहली भारत के लिये 100 टेस्ट खेलने वाले 12वें खिलाड़ी बनने जा रहे हैं, जिसको लेकर क्रिकेट का भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने भी उन्हें अपनी शुभकामनायें दी हैं। सचिन तेंदुलकर ने एक वीडियो मैसेज के जरिये कोहली को बधाई दी है, जिसे बीसीसीआई ने अपलोड किया है। इस वीडियो में सचिन तेंदुलकर विराट कोहली को लेकर 11 साल पुराना किस्सा सुनाते नजर आ रहे हैं, जिसमें वो एक थाई रेस्तरां के अंदर साल 2011 में कोहली से की हुई बातचीत के बारे में बताते हैं।
सचिन तेंदुलकर ने उस बातचीत को याद करते हुए कहा,' हम साल 2011 में ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर थे और हम कैनबरा खेलने के लिये पहुंचे थे। मुझे अच्छे से याद है कि वहां पर एक थाई रेस्तरां था, जहां पर हम जाते थे और बेहतरीन खाना खाकर वापस होटल पैदल आते थे। उसी दौरान एक शाम को जब मैं और कोहली जब पेट भर कर खाने के बाद वापस होटल लौट रहे थे, तो उसने मुझसे अचानक ही कहा कि पाजी बस बहुत हो गया, अब मुझे फिटनेस पर ध्यान देना ही होगा।'

भारतीय क्रिकेट में कोहली के आंकड़े नहीं बल्कि यह है सबसे अहम योगदान
उल्लेखनीय है कि शुरुआती दिनों में विराट कोहली इतने फिट नहीं थे जितना कि आज नजर आते हैं। वह काफी फूडी स्वाभाव के प्लेयर्स में से थे, जो कि मटन, चिकन खाने के लिये दुकाने ढूंढ कर जाया करते थे। हालांकि 23 वर्षीय कोहली ने सचिन तेंदुलकर से जब यह वादा किया तो शायद मास्टर ब्लास्टर को भी यकीन नहीं था कि वो कितने गंभीर है, लेकिन कोहली ने अपने वादे को पूरा करते हुए न सिर्फ अपनी फिटनेस में सुधार किया बल्कि भारतीय क्रिकेट के खिलाड़ियों के लिये फिटनेस की परिभाषा ही बदल दी और दुनिया भर में एक नया बेंचमार्क बना दिया।
सचिन ने वीडियो में आगे बात करते हुए कहा,'मुझे यह कहना पड़ेगा कि तुमने उसके बाद कभी मुड़कर नहीं देखा। फिटनेस के मामले में आप सभी के आदर्श बन गये और क्रिकेट के आंकड़ों का बात करें तो वहां पर एक अलग कहानी लिखी। यह पूरा सफर दुनिया के लिये चमत्कार जैसा है लेकिन मुझे आज भी वो शाम याद है। तुमने जो कहा उसे हासिल कर लिया। पिछले सालों के दौरान तुम्हे देखना काफी शानदार रहा है, जहां पर आंकड़े अपनी कहानी बयां करते रहेंगे लेकिन तुम्हारी असली ताकत अगली पीढ़ी के लिये प्रेरणा बनती रहेगी। यह भारतीय क्रिकेट के लिये तुम्हारा सबसे बड़ा योगदान है और इसे मैं तुम्हारी असल सफलता मानता हूं। मैं तुम्हारे लिये आने वाले कई खुशनुमा साल की कामना करता हूं। मैदान पर जाइये और अच्छा कीजिये।'

सचिन ने बताया कब शुरू हुई थी कोहली के बारे में बात
गौरतलब है कि साल 2008 से लेकर साल 2013 के बीच विराट कोहली ने सचिन तेंदुलकर के साथ भारतीय टीम का ड्रेसिंग रूम साझा किया है। दोनों ने साथ में भारत के लिये कई यादगार जीत के पल जिये तो वहीं पर 2011 विश्वकप के खिताब को भी उठाया। सचिन ने 100वें टेस्ट के मौके पर उस पल को भी साझा किया जब उन्होंने और साथी प्लेयर्स ने कोहली के बारे में पहली बार साल 2008 में सुना था।
उन्होंने कहा,'विराट तुम्हे भारत के लिये 100वां टेस्ट खेलने पर बधाई, यह बहुत बड़ी उपलब्धि है। मुझे आज भी याद है जब हमने तुम्हारे बारे में पहली बार सुना था, तब हम 2007 में ऑस्ट्रेलिया में थे। तुम लोग मलेशिया में अंडर-19 विश्वकप खेल रहे थे। उस वक्त टीम के कुछ साथियों ने तुम्हारे बारे में बात करना शुरू किया था और कहा था कि यह लड़का अच्छी बैटिंग करता है और आने वाले समय में इस पर निगाह रहेगी।'












Click it and Unblock the Notifications