IND vs ENG: इंग्लैंड दौरे पर फिर हुई चेतेश्वर पुजारा की एंट्री, टेस्ट मैच के लिये हुआ टीम का ऐलान
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के अध्याय में रोहित शर्मा के तीनों प्रारूप की कप्तानी संभालते ही नये अध्याय की शुरुआत हो चुकी है। रोहित शर्मा ने कप्तानी संभालते ही अपना कैंपेन काफी सकारात्मक अंदाज में शुरू किया और सीमित ओवर्स प्रारूप में लगातार जीत हासिल की है तो वहीं पर टेस्ट प्रारूप में भी वो अब तक अजेय रहे हैं। आईपीएल में एक संघर्ष भरे सीजन के बाद रोहित शर्मा एक बार फिर से अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में लौटने को तैयार हैं, जहां पर उनका सामना इंग्लैंड की दिग्गज टीम से होगा।

रविवार को भारतीय क्रिकेट टीम का चयन करने वाली चेतन शर्मा की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने आईपीएल के बाद साउथ अफ्रीका से खेली जाने वाली 5 मैचों की टी20 सीरीज और इंग्लैंड के खिलाफ खेले जाने वाले इकलौते टेस्ट मैच के लिये टीम का ऐलान कर दिया है। जहां टीम के सीनियर खिलाड़ियों को साउथ अफ्रीकी सीरीज से आराम दिया गया है तो वहीं पर इंग्लैंड के खिलाफ पिछले साल शुरू हुई 5 मैचों की टेस्ट सीरीज के आखिरी मैच के लिये चयनकर्ताओं ने पूरी ताकत से उतरने का फैसला किया है।
और पढ़ें: 'टीम मैनेजमेंट ने नहीं किया बैक वरना नतीजा..', सहवाग ने बताया IPL 2022 में कहां हुई हैदराबाद से गलती

शानदार है टीम का संयोजन
भारतीय चयनकर्ताओं ने अपनी इस टीम में युवा और अनुभव का भरपूर संतुलन बनाया है और रोहित शर्मा की कप्तानी के साथ केएल राहुल को टीम का उपकप्तान बनाया है। वहीं पर विकेटकीपिंग के विकल्प के रूप में चयनकर्ताओं ने ऋषभ पंत के साथ ही श्रीकर भरत को भी मौका दिया है। वहीं पर श्रीलंका दौरे पर टीम से बाहर हुए ऋद्धिमान साहा और अजिंक्य रहाणे को टीम से बाहर ही रखा गया है और उनकी वापसी नहीं हो सकी है। जहां पर रहाणे को चोटिल होने की वजह से टीम में जगह नहीं मिली है तो वहीं पर साहा ने घरेलू स्तर पर कोई टेस्ट मैच नहीं खेला जिसकी वजह से उनके नाम पर विचार नहीं किया गया।

पुजारा की टीम में हुई वापसी
श्रीलंका के खिलाफ फरवरी-मार्च में खेली गई सीरीज के दौरान प्लेइंग 11 से बाहर किये गये सीनियर खिलाड़ी चेतेश्वर पुजारा ने भी वापसी की है।चेतेश्वर पुजारा पिछले महीने से इंग्लैंड में चल रही काउंटी टेस्ट चैम्पियनशिप का हिस्सा बने हुए थे और उन्होंने यहां पर रनों का अंबार लगाकर टीम में वापसी की है। पुजारा ने इंग्लैंड में चल रही काउंटी चैम्पियनशिप 2022 में ससेक्स क्रिकेट क्लब की ओर से खेलते हुए 7 पारियों में 124.80 की औसत से 624 रन बनाये हैं। इस दौरान उन्होंने 4 शतकीय पारियां खेली जिसमें दो दोहरे शतक शामिल थे।

15 साल बाद भारत के पास इतिहास रचने का मौका
गौरतलब है कि इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई इस टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम 2-1 से आगे चल रही है और लंबे समय के बाद उसके पास इंग्लैंड को उसी के घर में धूल चटाने का मौका है। इस टेस्ट सीरीज का पहला मैच बारिश के चलते ड्रॉ रहा था जिसमें भारतीय टीम आसानी से जीतती नजर आ रही थी, उसे आखिरी दिन जीत के लिये 151 रन की दरकार थी और उसके पास 8 विकेट बाकी थे, लेकिन सारा दिन बारिश होने के चलते मैच ड्रॉ हो गया। वहीं बचे हुए 3 मैचों में भारतीय टीम ने 2 में जीत हासिल की तो वहीं पर इंग्लैंड ने भी एक मैच जीता। सीरीज का आखिरी मैच भारतीय टीम में हुए कोरोना विस्फोट के चलते नहीं हो सका और उसे रिशेड्यूल करने का फैसला किया गया। अब यह मैच 1 जुलाई से 5 जुलाई के बीच खेला जायेगा।

इंग्लैंड दौरे पर कैसी होगी टेस्ट टीम
जानें कैसी है भारतीय टेस्ट टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (वीसी), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, हनुमा विहारी, चेतेश्वर पुजारा, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), केएस भरत (विकेटकीपर), आर जडेजा, आर अश्विन, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी , जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव, प्रसिद्ध कृष्णा।












Click it and Unblock the Notifications