सचिन तेंदुलकर के बाद विराट कोहली ने किया ये बड़ा कारनामा, दिग्गजों के खास क्लब में बनाई जगह
India vs Bangladesh, Virat Kohli: चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच की दोनों पारियों में विराट कोहली का बल्ला खामोश रहा। भारतीय टीम की पहली पारी 376 रन पर समाप्त हुई है। रविचंद्रन अश्विन ने टेस्ट करियर का छठा शतक लगाया। जबकि दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत ने अपनी दूसरी पारी में तीन विकेट गंवाकर 81 रन बना लिए हैं।
अनलकी रहे विराट कोहली
दूसरी पारी में विराट कोहली अच्छी लय में बल्लेबाजी कर रहे थे। लेकिन मेहदी हसन मिराज ने विराट कोहली को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। बाद में रिव्यू में दिखा कि गेंद बल्ले से लगकर पैड पर लगी थी। हालांकि, विराट ने रिव्यू नहीं लिया। वह 37 गेंद में 17 रन बनाकर आउट हुए। अगर विराट कोहली ने रिव्यू लिया होता तो शायद वह नॉट आउट करार दिए जाते।

छोटी पारी खेलकर भी रचा इतिहास
विराट कोहली ने एक बार फिर क्रिकेट इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया है। भारत की दूसरी पारी में 5 रन बनाकर कोहली ने घरेलू धरती पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 12,000 रन का आंकड़ा पार कर लिया। यह ऐतिहासिक उपलब्धि उन्हें दुनिया भर के बल्लेबाजों के खास लिस्ट में शामिल करती है, जिससे वह घरेलू मैदान पर खेलते हुए खेल के तीनों प्रारूपों में यह उपलब्धि हासिल करने वाले 5वें खिलाड़ी बन गए हैं।
घर पर कोहली ने पूरे किए 12000 रन
कोहली का इस मुकाम तक पहुंचना उनके निरंतर प्रदर्शन और खेल के प्रति समर्पण का प्रमाण है। अपने 219वें मैच की 243वीं पारी में यह उपलब्धि हासिल करने वाले कोहली के रनों की सूची में टेस्ट में 4162*, वनडे में 6268 और टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 1577 रन शामिल हैं, जो सभी भारतीय मैदानों पर बनाए गए हैं।
खास क्लब में शामिल हुए कोहली
घरेलू मैदान पर 12,000 रन पार करने वाले बल्लेबाजों में सचिन तेंदुलकर जैसे खेल के दिग्गज शामिल हैं, जो 14,192 रनों के साथ सबसे आगे हैं। सचिन के बाद रिकी पोंटिंग 13,117 रनों के साथ, जैक्स कैलिस 12,305 रनों के साथ और कुमार संगकारा 12,043 रनों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। अब विराट कोहली भी इस खास क्लब का हिस्सा बन गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications