विराट कोहली की बराबरी तो कर ली अब क्या सचिन का रिकॉर्ड टूटेगा? रविचंद्रन अश्विन के पास बेहतरीन मौका
India vs Bangladesh, 1st Test Highlights: भारत ने चेन्नई में बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट में जीत हासिल की। 280 रन से मिली यह जीत बांग्लादेश के खिलाफ इतिहास में भारत की यह सबसे बड़ी टेस्ट जीत है। नए कोच गौतम गंभीर के मार्गदर्शन में भारतीय टीम ने खेल के हर डिपार्टमेंट में मेहमान टीम से बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।
जीत के हीरो रहे अश्विन
इस जीत के हीरो चेन्नई के ही रहने वाले रविचंद्रन अश्विन रहे। जिनके ऑलराउंड प्रदर्शन ने उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिलाया। अश्विन का योगदान इस मुकाबले में टीम के लिए मैच विनिंग रहा, उन्होंने एक शतक और छह विकेट लेकर बांग्लादेशी बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त कर दिया। अश्विन के इस प्रदर्शन ने उन्हें भारतीय क्रिकेट के कुछ महान खिलाड़ियों के साथ रिकॉर्ड बुक में भी शामिल कर दिया है।

अश्विन ने कर ली कोहली की बराबरी
113 रन बनाने और छह विकेट लेने वाले अश्विन की ऑलराउंड प्रतिभा ने भारत की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अश्विन को घरेलू धरती पर लगातार दूसरा प्लेयर ऑफ द मैच पुरस्कार मिला। इसके साथ ही अश्विन टेस्ट क्रिकेट में अपना दसवां प्लेयर ऑफ द मैच पुरस्कार हासिल करके भारतीय क्रिकेटरों के खास क्लब में शामिल हो गए हैं, उन्होंने दिग्गज अनिल कुंबले, रवींद्र जडेजा और विराट कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
टॉप पर हैं सचिन तेंदुलकर
अनिल कुंबले ने इससे पहले 132 टेस्ट मैचों में दस बार प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीतकर बेंचमार्क स्थापित किया था। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर 200 टेस्ट मैचों में 14 पुरस्कारों के साथ इस प्रतिष्ठित सूची में सबसे ऊपर हैं, इसके बाद राहुल द्रविड़ हैं जिन्होंने 163 मैचों में 11 बार यह सम्मान हासिल किया है। अपने करियर में 10-10 पुरस्कारों के साथ, रवींद्र जडेजा (73 टेस्ट में) और विराट कोहली (114 टेस्ट में) ने भी भारतीय क्रिकेट में अहम योगदान दिया है।
बांग्लादेश के खिलाफ चेन्नई टेस्ट में रविचंद्रन अश्विन ने गेंद और बल्ले दोनों से कमाल का प्रदर्शन किया। अश्विन अगर इस फॉर्म को बरकरार रखते हैं तो वह सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को भी तोड़ देंगे। उनके शानदार करियर में और भी कई टेस्ट मैच आने अभी बाकी हैं, ऐसे में अश्विन के पास ऐसा करने का बेहतरीन मौका होगा।












Click it and Unblock the Notifications