IND Vs BAN: पहले टेस्ट के लिए ऐसी हो सकती है प्लेइंग इलेवन, कप्तान रोहित शर्मा किसे देंगे मौका?
India vs Bangladesh, 1st Playing 11: भारतीय क्रिकेट टीम बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट और तीन टी 20 मैचों की सीरीज खेलने के लिए तैयार है। टेस्ट सीरीज की शुरुआत 19 सितंबर को चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में होगी। सीरीज शुरू होने में अब ज्यादा समय नहीं बचा है। ऐसे में भारतीय खिलाड़ी बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों ही डिपार्टमेंट में कड़ी मेहनत कर रहे हैं।
बांग्लादेश कर सकती है उलटफेर
भारतीय टीम इस सीरीज में अपनी बेस्ट प्लेइंग इलेवन के साथ उतरने वाली है। बांग्लादेश उलटफेर करने में महिर है। बांग्लादेश ने पाकिस्तान को उसी के घर पर टेस्ट सीरीज में धूल चटाई है। ऐसे में कप्तान रोहित शर्मा बांग्लादेश के खिलाफ किसी भी तरह की लापरवाही नहीं करना चाहेंगे।

इन खिलाड़ियों का खेलना मुश्किल
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने चेन्नई टेस्ट के लिए 16 खिलाड़ियों की टीम की घोषणा की है। अधिकांश खिलाड़ियों की जगह प्लेइंग इलेवन में पहले से तय लग रही है। लेकिन भारत के पास मजबूत ऑप्शन होने के कारण मिडल ऑर्डर और स्पिन विभाग के बारे में निर्णय अनिश्चित हैं। विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरेल तेज गेंदबाज यश दयाल और आकाश दीप के पहले टेस्ट में खेलने की संभावना नहीं है और वे बेंच पर ही रह सकते हैं।
केएल राहुल को मिल सकता है मौका
बल्लेबाजी लाइन-अप में कप्तान रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल और विराट कोहली ने अपनी जगह पक्की कर ली है। हालांकि, केएल राहुल या सरफराज खान को चुनने में दुविधा है। हाल की रिपोर्ट्स बताती हैं कि दलीप ट्रॉफी 2024 के शुरुआती दौर में सरफराज खान के औसत प्रदर्शन के कारण राहुल को तरजीह दी जा सकती है। राहुल के लंबे समय से खराब फॉर्म के बावजूद दक्षिण अफ्रीका में उनके शतक और इंग्लैंड के खिलाफ 87 रनों की पारी ने उनकी दावेदारी को मजबूत किया है।
इन पर होगी गेंदबाजी की जिम्मेदारी
जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज के तेज गेंदबाज के तौर पर टीम की अगुआई करने की उम्मीद है। स्पिन में रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा के संभावित विकल्प हैं। हालांकि, तीसरे स्पिनर की भूमिका के लिए ऑलराउंडर अक्षर पटेल और कुलदीप यादव में से किसी एक को चुनना होगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक अक्षर पटेल की जगह कुलदीप यादव को चुना जा सकता है।
भारत की संभावित प्लेइंग 11: रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, विराट कोहली, केएल राहुल, ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज।












Click it and Unblock the Notifications