IND vs AUS: सुनील गावस्कर पर फूटा ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज का गुस्सा, 'गाबा' पिच को लेकर उठाए थे सवाल
India vs Australia Sunil Gavaskar on ICC verdict: बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने धमाकेदार वापसी की है। भारत के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से जीत मिली है।

India vs Australia Sunil Gavaskar on ICC verdict: भारत ऑस्ट्रेलिया के बीच चार टेस्ट मैचों की बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी रोमांचक मोड़ पर आ पहुंचा है। दोनों देशों के बीच इस सीरीज का आखिरी टेस्ट मैच 9 मार्च से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है। भारत की कोशिश इस मुकाबले को जीतकर सीरीज पर कब्जा जमाने की होगी। दूसरी तरफ तीसरा टेस्ट जीतने के बाद ऑस्ट्रेलिया के हौसले बुलंद हैं और वह चौथे टेस्ट को भी जीतना चाहेगी।

सुनील गावस्कर ने गाबा पिच पर उठाए थे सवाल
इंदौर के मैदान पर खेला गया भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा टेस्ट मैच तीन दिन में ही खत्म हो गया। जिसके बाद आईसीसी ने इंदौर की पिच को खराब रेटिंग करार देते हुए 3 डिमेरिट अंक लगा दिए। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने आईसीसी के इस फैसले पर एतराज जताया। गावस्कर ने गावा का उदाहरण देते हुए अपनी बात कही। ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच गाबा का मैच दो दिन में खत्म हो गया था। जिस पर गावस्कर ने कहा कि पिच पूरी तरह से तेज गेंदबाजों के फेवर में काम कर रही थी तो इस पर आईसीसी ने गाबा को खराब रेटिंग क्यों नहीं दी?

मार्क टेलर ने दिया गावस्कर को जवाब
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान मार्क टेलर ने सुनील गावस्कर के इस बयान पर अपना गुस्सा जाहिर किया है। सिडनी मार्निंग हेराल्ड से बातचीत के दौरान मार्क टेलर ने कहा कि लोग गाबा का उदाहरण दे रहे हैं लेकिन वहां पर ग्राउंड्समैन ने गलती कर दी थी। उसने पिच पर काफी ज्यादा घास छोड़ दिया था लेकिन इससे दूसरी टीम को फायदा नहीं हुआ। साउथ अफ्रीका के पास चार तेज गेंदबाज थे, इसके बावजूद वह उस पिच का फायदा उठाने में नाकाम रहे थे।

गाबा और इंदौर में ये था अंतर
मार्क टेलर के मुताबिक गाबा की पिच को जानबूझकर तैयार नहीं किया गया था। जबकि इंदौर की पिच पर भारतीय खिलाड़ियों को मदद मिलने की उम्मीद से रैंक टर्नर पिच तैयार किया गया। इंदौर की पिच को काफी खराब तरीके से तैयार किया गया और इसी वजह से गेम काफी अलग हो गया। सुनील गावस्कर और मार्क टेलर के बीच चल रही इस बयानबाजी पर क्रिकेट फैंस भी सोशल मीडिया के जरिए अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications