IND vs AUS: अपने नाम पर बने स्टेडियम में टेस्ट मैच देखने जाएंगे PM मोदी, पहले दिन के टिकट किए गए लॉक
India vs Australia Ahmedabad Test Tickets: बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी का चौथा मुकाबला अहमदाबाद में 9 मार्च से खेला जाएगा। दोनों ही टीम की कोशिश इसे जीतने की होगी।

India vs Australia Ahmedabad Test Tickets: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चौथे टेस्ट मैच का इंतजार फैंस बेसब्री के साथ कर रहे हैं। तीसरा टेस्ट हारने के बाद भारतीय टीम के लिए चौथा टेस्ट बेहद अहम हो गया है। इंदौर के मुकाबले में भारत ने अपने प्रदर्शन से सभी को खासा निराश किया। खासतौर पर भारतीय बल्लेबाज इस टेस्ट मैच में बुरी तरह से फ्लॉप साबित रहे। ऑस्ट्रेलिया के हाथों 9 विकेट से हार झेलने के बाद भारत के लिए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचना भी मुश्किल हो गया है।

पीएम मोदी देखेंगे चौथा टेस्ट मैच
अहमदाबाद टेस्ट मैच देखने के लिए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के पीएम एंथनी अल्बेनेज भी जाएंगे। यह दुनिया का सबसे बड़ा स्टेडियम है जिसकी दर्शक क्षमता 1,32,000 है। यहां पर डे-नाइट टेस्ट भी खेला जा चुका है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले को देखने के लिए फैंस भी उत्साहित हैं। वहीं पीएम नरेंद्र मोदी पहली बार अपने नाम पर बने स्टेडियम में लाइव मैच देखने के लिए पहुंचेंगे। पीएम मोदी के आने के कारण टेस्ट मैच के पहले दिन के कुछ टिकट को लॉक कर दिया गया है।

टेस्ट के पहले दिन के टिकट किए गए लॉक
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज के चौथे मैच के लिए टिकट की बिक्री शुरू कर दी गई है। गुजरात क्रिकेट संघ ने फैंस के लिए टिकटों की बिक्री शुरू कर दी है। लेकिन टेस्ट के पहले दिन का टिकट बुक करने के लिए फैंस को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। चौथे टेस्ट के लिए 200, 300, 350, 1000 और 2000 रुपये से टिकट की बिक्री शुरू की गई है। लेकिन फैंस पहले दिन को छोड़ दूसरे दिन से लेकर पांचवें दिन तक की टिकट बुकमाय शो एप पर जाकर बुक कर सकते हैं।

चौथे टेस्ट में होगा बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का फैसला
नागपुर और दिल्ली में भारत ने शानदार तरीके से टेस्ट मैच में जीत हासिल की थी। जबकि सीरीज के तीसरे मैच को ऑस्ट्रेलिया ने अपने नाम किया। ऑस्ट्रेलिया अगर चौथा टेस्ट भी जीतने में सफल रहता है तो यह सीरीज बराबरी पर खत्म हो जाएगी। लेकिन भारत अगर चौथे मैच को जीत जाता है तो वह सीरीज अपने नाम कर लेगा। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने के लिए भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे टेस्ट को जीतना ही होगा।












Click it and Unblock the Notifications