IND vs AUS: उमेश यादव ने पिता की मौत के बाद थामा बल्ला, 2 छक्के और एक चौका लगाकर मचाया हल्ला
India vs Australia 3rd Test: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरे टेस्ट मैच में उमेश यादव ने बल्ले से कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने टीम के लिए तेज तर्रार पारी खेलने का काम किया।

India vs Australia 3rd Test: इंदौर के होल्कर स्टेडियम में भारतीय टीम महज 109 रनों पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर्स के सामने भारतीय बल्लेबाज रन बनाने में नाकाम रहे और लगातार अंतराल पर विकेट गंवाते चले गए। भारत का आखिरी विकेट रन आउट के रूप में गिरा। मोहम्मद सिराज दो रन लेने की कोशिश में रन आउट होकर अपना विकेट गंवा बैठे। भारतीय बल्लेबाजों के इस प्रदर्शन को अब गेंदबाज ही बचा सकते हैं। भारतीय गेंदबाजों को भी ऑस्ट्रेलिया को कम से कम स्कोर पर रोकना होगा।
उमेश यदव ने खेली कमाल की पारी
भारतीय टीम के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज स्पिनर्स के खिलाफ रन बनाने के लिए संघर्ष करते नजर आए। लेकिन उमेश यादव ने अपनी छोटी सी पारी में बड़ा धमाका किया। हालांकि, वह भारत के लिए बड़ा स्कोर नहीं बना सके। लेकिन अपनी छोटी पारी में ही उन्होंने टीम को 100 के पार पहुंचाया। उमेश यादव 13 गेंदों पर 17 रन की मजेदार पारी खेलने के बाद आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में दो छक्के और एक चौका लगाया।
विराट कोहली ने भी बजाई तालियां
उमेश यादव की बल्लेबाजी से पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली भी बेहद खुश नजर आए। उन्होंने ताली बजाकर उमेश यादव की बल्लेबाजी की सराहना की। यादव ने जब अपना पहला छक्का लगाया तो ड्रेसिंग रूम में मौजूद कोहली खुशी से उछल पड़े। जबकि इस दौरान कोच राहुल द्रविड़ के चेहरे पर कुछ खास खुशी नजर नहीं आ रही थी। बता दे कि 109 रन भारत का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू मैदान पर चौथा सबसे कम स्कोर है।
फैंस ने किया जज्बे को सलाम
पिछले सप्ताह ही उमेश यादव के सिर से पिता का साया छीन गया था। नागपुर के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उमेश के पिता तिलक यादव ने 74 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। पिता की मौत के बाद ऐसा माना जा रहा था कि उमेश यादव वापस घर आ जाएंगे। लेकिन वह टीम के साथ बने रहे और तीसरे टेस्ट में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा भी बने। गेंद से विकेट चटकाने वाले उमेश यादव ने बल्ले से जौहर दिखाया। सोशल मीडिया पर फैंस लगातार उमेश यादव की तारीफ कर रहे हैं। उमेश यादव के जज्बे को हर कोई सलाम कर रहा है।












Click it and Unblock the Notifications