'इस खिलाड़ी के कई साल बर्बाद कर दिए', कनेरिया ने लिया टीम इंडिया के सबसे खतरनाक बल्लेबाज का नाम
सूर्युकमार यादव निश्चित तौर पर अलग किस्म के बल्लेबाज हैं। वे काफी हद तक एबी डिविलियर्स जैसे हो सकते हैं लेकिन उनके अपने भी मजबूत पक्ष हैं। वे इस समय अपनी निराली काबिलियत से दुनिया भर के गेंदबाजों को टी20 क्रिकेट में डराने में कामयाब हैं। मिडिल ऑर्डर पर आकर बहुत ही विश्वसनीयता के साथ मैदान के हर कोने में शॉट खेलने की उनकी क्षमता बड़ी मांसपेशियों वाले पॉवर बल्लेबाजों को भी चिढ़ाती है। जिस तरह से उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में शतक लगाकर भारत को 65 रनों से जिताया उसके बाद उनके मुरीदों की संख्या में और इजाफा हुआ है।

सिलेक्टरों को लताड़ भी लगाई
भारत की टीम से कई टी20 पारियों में कमाल करने वाले सूर्यकुमार यादव ने हिंट दिया है कि उनका टेस्ट मैच डेब्यू भी नजदीक है। सभी जानते हैं भारत ने सूर्यकुमार को केवल व्हाइट बॉल क्रिकेट में ही रखा है और उन पर टी20 टैग भी कहीं ना कहीं लग चुका है। वे देश के लिए 41 टी20 और केवल 13 वनडे मैच ही खेल पाए हैं। अगले साल वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए इसमें इजाफा होना भी तय है लेकिन टेस्ट मैच कब खेलेंगे इसके बारे में कोई कुछ नहीं कह सकता। वैसे भी चयनकर्ताओं ने सूर्यकुमार यादव को इतना लेट मौका दिया है कि पाकिस्तान के पूर्व लेग स्पिनर दानिश कनेरिया का मानना है कि यादव के शुरुआती साल बेकार कर दिए गए हैं। इसके लिए उन्होंने सिलेक्टरों को लताड़ भी लगाई है।

सूर्यकुमार यादव के पांच साल बर्बाद कर दिए
पूर्व पाकिस्तान क्रिकेटरों ने यूट्यूब पर अपने विचार साझा किए, "भारतीय चयनकर्ताओं ने सूर्यकुमार यादव के पांच साल बर्बाद कर दिए। हालांकि उन्होंने अपने जबरदस्त प्रदर्शन से इसकी भरपाई करने की पूरी कोशिश की है। हर जगह हम देखते हैं, हर विशेषज्ञ आज सूर्यकुमार के बारे में बात कर रहा है।"
ताजा पारी में सूर्यकुमार 52 गेंदों में 111 रन बनाकर नाबाद रहे। सीरीज में एक और मुकाबला बाकी है और इन-फॉर्म बल्लेबाज से उम्मीद की जाती है कि वह न्यूजीलैंड सीरीज को बड़े स्कोर के साथ समाप्त करेगा। यह तेजतर्रार बल्लेबाज मंगलवार को होने वाली द्विपक्षीय सीरीज के तीसरे और अंतिम टी20 में एक बार फिर से देखा जाने वाला खिलाड़ी होगा।
(Photo- ICC)

बीस्ट मोड ऑन है
कनेरिया ने कहा, "सूर्यकुमार यादव का बीस्ट मोड जारी है। उन्होंने टी20 विश्व कप से पहले जो फॉर्म दिखाई, विश्व कप के दौरान भी ऐसा ही जारी रखा, और अब न्यूजीलैंड में भी ऐसा ही कर रहे हैं। वह शानदार थे। ऐसा कोई कोना नहीं जिसको वे हिट नहीं कर सकते। विश्व क्रिकेट में कभी ऐसा खिलाड़ी नहीं हुआ जिसने इस तरह के शॉट मारे हों। गेंदबाज उसके खिलाफ पूरी तरह से असहाय दिखते हैं।"












Click it and Unblock the Notifications