'क्लियर सोच और खुलकर खेलना', न्यूजीलैंड दौरे पर वीवीएस लक्ष्मण ने युवाओं को दिया टी20 का मंत्र
India vs New Zealand T20 Series: T20 वर्ल्ड कप के बाद भारतीय टीम का एक और T20 अभियान न्यूजीलैंड में शुरू हो रहा है जहां वे 18 नवंबर को वेलिंगटन में पहला मुकाबला खेलेंगे। यह तीन मैचों की सीरीज होगी जिसका नेतृत्व हार्दिक पांड्या कर रहे हैं और इसके बाद 25 नवंबर को ऑकलैंड से तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू हो जाएगी। इस दौरे पर भारत के हेड कोच वीवीएस लक्ष्मण हैं क्योंकि राहुल द्रविड़ को वर्ल्ड कप के बाद रेस्ट दिया गया है।

सीरीज का पहला मैच शुरू होने से पहले वीवीएस लक्ष्मण ने कहा कि टी-20 फॉर्मेट में आपको निडर होकर और खुलकर खेलने की जरूरत है। लेकिन साथ ही यह भी जरूरी है कि आप परिस्थितियों का आकलन करें और टीम की जरूरत के हिसाब से अपने खेल को तय करें। मुझे लगता है लचीला होना काफी अहम है लेकिन टी-20 क्रिकेट में आपको खुद को एक्सप्रेस करने की जरूरत होती है और उसके बाद आप वहां सफलता हासिल कर लेंगे।
लक्ष्मण ने आगे कहा- मुझे लगता है T20 क्रिकेट में एक स्पष्ट सोच के साथ खुलकर खेलने की बहुत जरूरत है। जितना भी टाइम मैंने इन खिलाड़ियों के साथ बिताया है जितना उनको इंटरनेशनल खिलाड़ी के तौर पर ढलते हुए करते हुए देखा है मुझे लगता है उनकी ताकत टी20 की जरूरत के मुताबिक है।
भारत ने इस सीरीज को टी20 वर्ल्ड कप 2024 की तैयारी के पहले पड़ाव के तौर पर तैयार किया है और कई सीनियरों को रेस्ट देते हुए युवाओं को शामिल किया है।
भारत की टी20 टीम: हार्दिक पांड्या (कप्तान), शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, दीपक हुड्डा, वाशिंगटन सुंदर, ऋषभ पंत, इशान किशन, संजू सैमसन, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, हर्षल पटेल, मोहम्मद सिराज, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, उमरान मलिक












Click it and Unblock the Notifications