India-Pak War: 'ये बहुत ही डरावना है,' IPL चीयरलीडर ने बताया ब्लैकआउट के बाद धर्मशाला का हाल, VIDEO
जैसे ही भारत-पाकिस्तान सीमा पर तनाव बढ़ा, इसका असर सीधे IPL 2025 पर दिखाई देने लगा। धर्मशाला में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच चल रहे मैच नंबर 58 के दौरान अचानक एयर रेड अलर्ट जारी हुआ, और पूरा स्टेडियम ब्लैकआउट कर दिया गया। इसी बीच एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक IPL चीयरलीडर इस डरावने पल का जिक्र करते हुए नजर आ रही है।
गुरुवार को जब पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स आमने-सामने थे, उसी दौरान जम्मू और पठानकोट में हवाई हमले की चेतावनी (Air Raid Alerts) के चलते धर्मशाला स्टेडियम को अचानक खाली कराया गया।
स्टेडियम की लाइट्स बंद कर दी गईं और दर्शकों के साथ खिलाड़ियों को भी तुरंत बाहर ले जाने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मैच को बीच में ही रद्द कर दिया गया।

ब्लैकआउट के बाद चीयरलीडर ने बताया धर्मशाला का हाल
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में IPL की एक चीयरलीडर ने उस पल को याद करते हुए कहा- मैच के दौरान अचानक पूरा स्टेडियम खाली करा दिया गया और वो पल वाकई डरावना था। लोग इधर-उधर चिल्ला रहे थे कि बम आ रहे हैं। हम सब जल्द से जल्द धर्मशाला से बाहर निकलना चाहते हैं और उम्मीद है कि आईपीएल से जुड़े लोग हमारी सुरक्षा का ख्याल रखेंगे। मैं रो नहीं रही हूं, लेकिन अब भी सदमे में हूं।'
टूर्नामेंट का भविष्य अधर में
IPL चेयरमैन अरुण धूमल ने PTI से बातचीत में कहा कि फिलहाल स्थिति की समीक्षा की जा रही है और सरकार से निर्देशों का इंतजार किया जा रहा है। शुक्रवार को लखनऊ में लखनऊ सुपरजायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच होने वाला मैच 'फिलहाल तय कार्यक्रम के अनुसार' होगा, लेकिन कोई भी निर्णय सभी हितधारकों की सुरक्षा और लॉजिस्टिक्स को ध्यान में रखते हुए लिया जाएगा।
टीमों को स्पेशल ट्रेन से दिल्ली भेजा गया
धर्मशाला मैच रद्द होने के बाद पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ को स्पेशल ट्रेन के जरिए पठानकोट से दिल्ली भेजा गया।












Click it and Unblock the Notifications