IND vs SA: पिता के जन्मदिन पर आवेश खान की घातक गेंदबाजी, टीम इंडिया ने 82 रन से जीता मैच
नई दिल्ली, जून 17। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले में भारतीय टीम ने 82 रन से जीत दर्ज कर ली है। इस जीत के साथ ही पांच मैचों की सीरीज अब 2-2 से बराबर हो गई है। सीरीज का आखिरी मुकाबला अब निर्णायक होगा, जो कि रविवार को बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।

87 रन पर ही सिमट गई अफ्रीकी टीम
170 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफ्रीकी टीम 16.5 ओवर में ही सिर्फ 87 रन पर सिमट गई। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान बावुमा इस मुकाबले में रिटायर्ड हर्ट हो गए। चोट की वजह से वो बाद में मैच खेलने ही नहीं आए। टेंबा बावुमा भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर चोटिल हो गए थे। अफ्रीकी टीम की ओर से आज कोई बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाया। सबसे अधिक रन रासी वैन डेर दुसैन (20) ने बनाए। क्विंटन डिकॉक भी सिर्फ 14 रन की पारी खेल पाए। वहीं डेविड मिलर ने सिर्फ 9 रनों का योगदान दिया।
पिता के जन्मदिन पर आवेश खान का शानदार प्रदर्शन
आज के मैच में दिनेश कार्तिक और हार्दिक पांड्या के बाद तेज गेंदबाज आवेश खान भारत की जीत के हीरो रहे। अपने पिता के जन्मदिन के मौके पर आवेश खान ने पूरे मैच में 4 ओवर की गेंदबाजी में सिर्फ 18 रन दिए और 4 विकेट अपने नाम किए। इसमें से 3 विकेट तो उन्होंने एक ही ओवर में लिए थे। आवेश खान ने प्रिटोरियस, रासी, मार्को जैंनसेन और केशव महाराज को आउट किया। उन्होंने अपना यह प्रदर्शन अपने पिता को गिफ्ट किया। वहीं पिछले मैच के हीरो रहे युजी चहल ने इस मैच में विकेट लिए।












Click it and Unblock the Notifications