Ind vs Ban: 'झूठ नहीं बोलूंगा, ड्रेसिंग रूम में काफी टेंशन थी', रोमांचक जीत के बाद बोले कप्तान राहुल
India beat Bangladesh KL Rahul: श्रेयस अय्यर और आर अश्विन की बदौलत भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ एक यादगार जीत हासिल की। इस जीत का असर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप पर भी देखने को मिला है।

India beat Bangladesh KL Rahul: भारत और बांग्लादेश के बीच ढाका में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच को भारत ने अपने नाम किया। भारत ने टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में चौथी बार बांग्लादेश को क्लीन स्वीप किया है। लेकिन इस बार भारत के लिए ऐसा करना कतई आसान नहीं था। 145 रनों का पीछा करते हुए भारत ने महज 74 के स्कोर पर अपने सात विकेट गंवा दिए थे। यहां से श्रेयस अय्यर और आऱ अश्विन ने सूझबूझ भरी बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत दिला दी।
जीत के बाद कप्तान ने कही यह बात
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से भी भारत के लिए यह जीत काफी जरूरी थी। बांग्लादेश के खिलाफ रोमांचक जीत के बाद कप्तान केएल राहुल ने कुछ बातों का जिक्र किया है। केएल राहुल ने बताया कि बांग्लादेश के खिलाफ जब भारतीय टीम नाजुक हालातों में थी तो ड्रेसिंग रूम में काफी तनाव था। उन्होंने कहा कि मैं झूठ नहीं बोलूंगा, लेकिन मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम में काफी टेंशन थी।
बल्लेबाजी के लिए विकेट काफी कठिन था
केएल राहुल दो मैचों की टेस्ट सीरीज में बल्ले से एक दम फ्लॉप नजर आए। चौथी पारी में भी जब टीम आसान से लक्ष्य का पीछा कर रही थी, तभी केएल राहुल काफी नर्वस नजर आए और सबसे पहले आउट होकर पवेलियन लौट गए। इस जीत के बाद राहुल ने कहा कि मैदान के अंदर जो खिलाड़ी होते हैं आप उन पर भरोसा करते हैं। लेकिन यह बल्लेबाजी के लिए काफी कठिन विकेट था, जिस कारण ड्रेसिंग रूम में मौजूद सभी लोग टेंशन में थे।
लक्ष्य का पीछा करते हुए गंवा दिए ज्यादा विकेट
केएल राहुल ने आगे कहा कि हम लक्ष्य का पीछा करते हुए ज्यादा ही विकेट गंवा बैठे। हमारे गेंदबाजों ने शानदार काम किया है। वह पिछले कुछ समय से टेस्ट में हर बार उम्मीद से बेहतर कर रहे हैं। बता दें कि बांग्लादेश के बाद अब भारत और श्रीलंका के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज तीन जनवरी से शुरू होने वाली है। इस टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान जल्द ही किया जाएगा। श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का खेलना तय नहीं है। ऐसे में हार्दिक पंड्या टीम की कमान संभालते दिखाई दे सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications