IND vs WI: जीत के बाद आवेश खान के फैन बने Rohit Sharma, बोले- बुरे दिन सबके आते हैं
चौथे मैच में मिली जीत के बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने टीम के सभी खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की है।
फ्लोरिडा, 7 अगस्त: भारत ने वेस्टइंडीज को चौथे टी20 मैच में 59 रन से हराकर 5 मैच की टी20 सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। सीरीज का आखिरी मुकाबला रविवार 7 अगस्त को खेला जाएगा। इससे पहले वनडे सीरीज पर भी टीम इंडिया ने 2-1 से कब्जा जमाया था। चौथे मैच में मिली जीत के बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने टीम के सभी खिलाड़ियों की जमकर तारीफ की है। खासतौर पर मैच के हीरो युवा तेज गेंदबाज आवेश खान (Avesh Khan) की।
ये भी पढ़ें- No सूर्या, No ईशान... पूर्व बल्लेबाज ने बताया टी20 वर्ल्ड कप के लिए तीसरे ओपनर का नाम

बल्लेबाजों और गेंदबाजों की हुई तारीफ
जीत के बाद रोहित शर्मा ने पोस्ट मैच सेरेमनी में साथी खिलाड़ियों की खूब सराहना की। रोहित ने कहा, ''हम जानते थे कि यह आसान मैच नहीं होगा। हमने अच्छी बल्लेबाज़ी की और एक बढ़िया स्कोर खड़ा किया। इसके बाद जिस तरह हमने गेंदबाजी की वह सराहनीय था। पिच पर गेंदबाजों के लिए मदद थी। मुझे लगा कि 191 एक अच्छा स्कोर था, लेकिन वेस्टइंडीज जैसे आक्रामक बल्लेबाजी क्रम के सामने कोई भी स्कोर बड़ा नहीं होता है।''
हिटमैन ने आगे कहा, ''बल्लेबाजों ने चतुराई दिखाई और साझेदारियां निभाई। इसके बाद गेंदबाजों ने जोड़ियों में काम किया और लगातार अंतराल पर विकेट झटके।''

आवेश ने किया प्रभावित
मैच में युवा तेज गेंदबाज आवेश खान ने 4 ओवर में 17 रन देकर 2 विकेट अपनी झोली में डाले। उन्होंने ओपनर ब्रेंडन किंग (13) और विकेटकीपर बल्लेबाज डेवोन थॉमस (1) को आउट कर विंडीज को शुरुआती झटके पहुंचाए, जिसके बाद टीम मुकाबले में वापसी नहीं कर पाई। आवेश को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी मिला।
दूसरे मैच में भारत की हार का जिम्मेदार भी आवेश खान को ही माना गया था, जब आखिरी ओवर में वो 10 रन डिफेंड करने में असफल रहे थे और टीम 5 विकेट से मुकाबला हार गई थी। इसके बाद उनकी काफी आलोचना भी हुई थी, लेकिन चौथे मैच में उन्होंने अपने दमदार प्रदर्शन से आलोचकों के मुंह पर ताले लगा दिए।

कप्तान ने भी की तारीफ
आवेश खान के प्रदर्शन को लेकर रोहित शर्मा ने कहा, ''हम आवेश की प्रतिभा के बारे में जानते हैं। किसी भी खिलाड़ी के बुरे दिन आते हैं। हम अपने खिलाड़ियों को अधिक से अधिक मैच खेलने का अवसर देना चाहते हैं। इस मैच में आवेश ने अपनी ऊंचाई का बढ़िया इस्तेमाल किया।''
भारतीय कप्तान ने आगे फ्लोरिडा में मौजूद भारतीय फैंस का भी शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा, ''मैं आज मैदान पर मौजूद समर्थकों को धन्यवाद देना चाहता हूं।''

132 रन ही बना सकी वेस्टइंडीज
बता दें कि विंडीज के सामने जीत के लिए 192 का टारगेट था, लेकिन टीम 19.1 ओवर के खेल में 132 के स्कोर पर ऑल-आउट हो गई। कप्तान निकोलस पूरन और रोवमैन पॉवेल टॉप स्कोरर रहे। दोनों खिलाड़ियों ने 24-24 रन बनाए। भारत की ओर से आवेश खान (2) के अलावा अर्शदीप सिंह के खाते में (3), जबकि अक्षर पटेल और रवि बिश्नोई के खाते में 2-2 विकेट आए।

बल्लेबाजों ने भी दिखाया दम
इससे पहले टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए भारत ने 5 विकेट पर 191 का स्कोर बनाया। विकेटकीपर ऋषभ पंत (44) टॉप स्कोरर रहे, जबकि अन्य खिलाड़ियों को भी अच्छा स्टार्ट मिला। कप्तान रोहित शर्मा ने (33), प्लेइंग-11 में वापसी करने वाले संजू सैमसन ने नाबाद 30 रन और सूर्यकुमार यादव ने 24 रन बनाए। विंडीज की ओर से ओबेद मैकॉय और अल्जारी जोसेफ ने 2-2 विकेट लिए।












Click it and Unblock the Notifications