'वनडे क्रिकेट मर रहा है?', गिल और कोहली दोनों ने पूरी की युवराज की उम्मीदें, फिर भी युवी टेंशन में
युवराज सिंह ने पहले ही उम्मीद जता दी थी कि गिल शतक मारेंगे और विराट कोहली की भी सॉलिड दिखाई दे रहे हैं। दोनों ही युवी की उम्मीदों पर खरे उतरे लेकिन भारत के पूर्व बल्लेबाज ने चिंतित होकर एक सवाल किया है।

भारत और श्रीलंका के बीच तिरुअनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में वनडे सीरीज का तीसरा मुकाबला चल रहा है जहां पर रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का सटीक फैसला किया है क्योंकि भारत एक बड़े स्कोर की ओर बढ़ रहा है। इस मुकाबले में रोहित ने शुबमन गिल के साथ पहले विकेट के लिए तेज 95 रनों की साझेदारी की और जब कप्तान आउट हुए तो विराट कोहली ने गिल के साथ पारी को आगे बढ़ाया।

गिल और कोहली दोनों के शतक
कोहली और गिल के बीच में शतकीय साझेदारी हुई और इस दौरान शुबमन गिल ने वनडे इंटरनेशनल में अपना दूसरा सैकड़ा भी पूरा किया। टॉप की फॉर्म में नजर आ रहे गिल एक नीचे रह गई गेंद को आगे बढ़कर हिट करने के प्रयास में क्लीन बोल्ड हो गए। राजिता की इस गेंद पर आउट होने से पहले गिल ने 14 चौके व दो छक्के लगाकर 97 गेंदों पर 116 रनों की पारी खेली। इससे पहले रोहित शर्मा ने 49 गेंदों पर 42 रनों का योगदान दिया था। साथ ही विराट कोहली ने भी अपना 46वां वनडे इंटरनेशनल शतक पूरा किया।

युवराज सिंह ने पहले ही कर दी थी 'भविष्यवाणी'
इस बीच भारत के पूर्व बल्लेबाज युवराज सिंह गिल की बल्लेबाजी से काफी प्रभावित नजर आए और उन्होंने इस बल्लेबाज द्वारा सैकड़ा पूरा करने से पहले ही एक ट्वीट किया जिसमें उम्मीद जताई की शुबमन गिल अपना शतक पूरा कर लेंगे और साथ ही विराट कोहली भी दूसरे छोर पर सॉलिड दिखाई दे रहे हैं। युवराज सिंह की यह दोनों ही भविष्यवाणियां बिल्कुल सही साबित हुई क्योंकि शुबमन गिल और विराट कोहली दोनों ने अपना शतक पूरा किया।

क्या है युवी की चिंता?
लेकिन युवराज सिंह का ट्वीट वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट के भविष्य को लेकर भी चिंता जताता है। युवी का कहना है कि यह चिंता की बात है कि आधा स्टेडियम खाली है। क्या वनडे क्रिकेट मर रहा है? युवराज के ट्वीट पर इरफान पठान ने कहा है कि "भाई पैड पहन लो, जनता भी आ जाएगी।" युवराज अपने जमाने के काफी लोकप्रिय बल्लेबाज थे जिनको देखने के लिए लोग आते थे और अब T20 क्रिकेट के बाद वनडे क्रिकेट की प्रासंगिकता पर भी सवाल उठे हैं लेकिन इस साल इसी फॉर्मेट में वर्ल्ड कप खेला जाना है जिसके चलते काफी मुकाबले 50 ओवर के ही देखने को मिलने जा रहे हैं।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications