IND vs SL: वार्न की याद में दोनों टीमों ने रखा मौन, काला बैंड बांधकर उतरे खिलाड़ी, रोहित ने जताया शोक
मोहाली, 5 मार्च: मोहाली में मौजूद भारतीय क्रिकेट टीम इस समय श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेल रही है। इस मैच का दूसरा दिन ऐसी त्रासद खबर के साथ शुरू हुआ जिसका अनुमान किसी ने सपने में भी नहीं लगाया था। क्रिकेट के महानतम स्पिनरों में से एक शेन वार्न का निधन 4 मार्च की शाम को हो गया। भारतीय टीम जब मोहाली में दूसरे दिन बल्लेबाजी करने उतरी तो उससे पहले दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों ने बीच मैदान में आकर शेन वार्न के लिए मौन रखा।

इस दौरान भारत और श्रीलंका दोनों टीमों के खिलाड़ी मौजूद थे और मैच अधिकारी, मैच रैफरी जवागल श्रीनाथ भी मौजूद थे। सभी खिलाड़ियों ने आंख बंद करके वार्न की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस मौके पर कप्तान रोहित शर्मा ने भी वार्न के निधन पर अपनी संवेदनाएं जाहिर की।
रोहित शर्मा ने कहा है कि वह शेन वार्न के निधन की खबर सुनकर पूरी तरह से हैरत में हैं। यह क्रिकेट दुनिया के लिए एक बहुत बड़ा नुकसान है। हर कोई जानता है कि उन्होंने क्रिकेट के लिए क्या किया है। उन्होंने खिलाड़ियों की पूरी पीढ़ी को प्रेरित करने का काम किया और उन्होंने गेंद के साथ जो कमाल किया उसके बारे में हम सभी जानते हैं तो यह एक बहुत बड़ा नुकसान है। यह बहुत-बहुत दुखद है और मैं उनके परिवार को अपनी शोक संवेदना देना चाहता हूं। उनके परिवार में 3 बच्चे हैं। उनके प्रिय जनों और दोस्तों को मेरी संवेदनाएं।
इस टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारत और श्रीलंका टीम के खिलाड़ी अपनी बाजुओं पर काला बैंड बांधकर बांधकर खेल रहे हैं जो शेन वार्न के आकस्मिक निधन में शोक के प्रतीक के तौर पर पहना गया है।
जहां तक मैच की बात है तो मुकाबले के दूसरे दिन भारतीय टीम ने अपना स्कोर 400 पार कर दिया है। रविंद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन के बीच एक अच्छी साझेदारी पनपती हुई दिखाई दे रही है। रविंद्र जडेजा अपना बेहतरीन अर्धशतक लगाकर खेल रहे हैं जबकि रविचंद्रन अश्विन उनका साथ निभा रहे हैं। यह साझेदारी खबर लिखे जाने तक 70 रन पार कर चुकी थी।












Click it and Unblock the Notifications