MP News: 23 मई तक स्लॉट बुक कराने वाले किसानों से 28 मई तक होगी गेहूं खरीदी, सीएम डॉ. मोहन यादव ने किया ऐलान
मध्य प्रदेश सरकार ने 23 मई तक स्लॉट बुक करने वाले किसानों के लिए गेहूँ खरीदने की अंतिम तिथि 28 मई तक बढ़ा दी है। राज्य का लक्ष्य इस साल 100 लाख मीट्रिक टन गेहूँ खरीदना है, जिसका भुगतान 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से किया जाएगा। खरीद को पूरे देश में आसान बनाने के लिए अधिकारी भंडारण और लॉजिस्टिक्स को बढ़ावा दे रहे हैं।
मध्यप्रदेश सरकार ने गेहूं उपार्जन को लेकर किसानों को बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि जिन किसानों ने 23 मई तक स्लॉट बुक करा लिया है, उनसे अब 28 मई तक गेहूं खरीदा जाएगा। सरकार ने गेहूं खरीदी की अंतिम तारीख बढ़ाने का फैसला किसानों की समस्याओं को देखते हुए लिया है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार किसान कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि स्लॉट बुकिंग के बावजूद कई किसानों को लंबी कतारों और अन्य व्यवस्थागत कारणों से खरीदी केंद्रों पर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इसे देखते हुए सरकार ने अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया।
मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि किसान कल्याण वर्ष के तहत सरकार लगातार किसान हितैषी फैसले ले रही है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष प्रदेश में करीब 77 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी हुई थी, जबकि इस वर्ष सरकार 100 लाख मीट्रिक टन गेहूं उपार्जन का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि अभी तक प्रदेश में 91 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदा जा चुका है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पूरे देश में सबसे अधिक किसानों से गेहूं खरीदी मध्यप्रदेश में की गई है।
किसानों से चिंता न करने की अपील
डॉ. मोहन यादव ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि जिन किसानों ने स्लॉट बुक कर लिया है, उनका गेहूं हर हाल में खरीदा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार खरीदी केंद्रों पर बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों के बीच गेहूं भंडारण, बारदाना उपलब्ध कराना, परिवहन और मौसम जैसी कई चुनौतियां सामने हैं। इसके बावजूद सरकार ने भंडारण क्षमता बढ़ाकर किसानों को राहत देने का प्रयास किया है।
2625 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा गेहूं का दाम
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों को खरीदी केंद्रों पर 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं का भुगतान करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार किसान, गरीब, महिला और युवा—सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य कर रही है और किसान हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।












Click it and Unblock the Notifications