IND vs SA 3rd ODI: भारतीय टीम में 2 बड़े बदलाव, जानें किसने किया है वनडे डेब्यू
IND vs SA 3rd ODI: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पार्ल के बोलैंड पार्क में तीसरा और अंतिम वनडे मुकाबला खेला जा रहा है। दोनों ही टीमों के लिए इस मैच में करो या मरो वाली स्थिति है। पहले मैच में भारत ने जीत दर्ज की थी और दूसरे मैच में दक्षिण अफ्रीकी टीम को जीत मिली थी।
पार्ल में निर्णायक मुकाबले के दौरान टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में दो बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। कप्तान केएल राहुल ने टॉस के समय इसकी जानकारी दी है। भारतीय टीम के ओपनर बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ उंगली में चोट की वजह से नहीं खेल रहे हैं।

ऋतुराज गायकवाड़ के नहीं होने से टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में रजत पाटीदार को शामिल किया गया है। पाटीदार अपना डेब्यू मुकाबला खेल रहे हैं। स्पिन विभाग में भी एक बदलाव देखने को मिला है। कप्तान केएल राहुल ने कहा कि कुलदीप यादव भी आज नहीं खेल रहे हैं और वॉशिंगटन सुंदर को मौका मिला है।
भारतीय टीम में सुंदर को लाने का कारण बल्लेबाजी हो सकता है। वह गेंदबाजी करने के अलावा बल्ले से भी उचित योगदान देने की क्षमता रखते हैं। करो या मरो वाले मैच में कप्तान और कोच ने किसी रणनीति के तहत ही ऐसा करने का फैसला लिया होगा। हालांकि मैच के बाद ही सामने आएगा कि यह फैसला कितना सही था।
पिछले मुकाबले में खेलने वाले संजू सैमसन को इस बार भी प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बनाया गया है। टॉस जीतकर दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडन मार्करम ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पिछले मैच में भी उन्होंने इस तरह का फैसला लेकर मुकाबला जीता था।
भारत (प्लेइंग इलेवन): साई सुदर्शन, संजू सैमसन, रजत पाटीदार, तिलक वर्मा, केएल राहुल (विकेटकीपर/कप्तान), रिंकू सिंह, वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, अवेश खान, मुकेश कुमार।
दक्षिण अफ्रीका (प्लेइंग इलेवन): रीजा हेंड्रिक्स, टोनी डी ज़ोरज़ी, रासी वैन डेर डुसेन, एडेन मार्कराम (कप्तान), हेनरिक क्लासेन (डब्ल्यू), डेविड मिलर, वियान मुल्डर, केशव महाराज, नंद्रे बर्गर, लिजाड विलियम्स, ब्यूरन हेंड्रिक्स












Click it and Unblock the Notifications