IND vs PAK: हार्दिक पंड्या पर 'महादेव' का आशीर्वाद, घड़ी ने खींचा सबका ध्यान, करोड़ों में है कीमत?
IND vs PAK T20 World Cup 2026: भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने पाकिस्तान के खिलाफ गेंद से कमाल का प्रदर्शन किया। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सबसे बड़े भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले के दौरान पंड्या ने एक बार फिर सुर्खियां बटोरीं। इस बार चर्चा का कारण उनकी कलाई पर सजी एक घड़ी थी, जिसे उन्होंने महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर भगवान शिव को श्रद्धांजलि के रूप में पहना था।
हार्दिक पंड्या की घड़ी ने खींचा फैंस का ध्यान (IND vs PAK T20 World Cup 2026)
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'इनसेनली लग्जरी इंडियंस' (Insanely Luxurious Indians) की रिपोर्ट के अनुसार, हार्दिक पंड्या ने मैच के दौरान जेकब एंड कंपनी (Jacob & Co.) द्वारा निर्मित 'एपिक एक्स रुद्र' (Epic X 'Rudra' Edition) घड़ी पहनी थी। यह घड़ी विशेष रूप से भगवान शिव (रुद्र) को समर्पित है। इस घड़ी में कुछ ऐसी विशेषताएं हैं जो इसे दुनिया की सबसे विशिष्ट घड़ियों में से एक बनाती हैं।

आखिर क्या है घड़ी की खासियत
दुनिया भर में इस डिजाइन की केवल 25 घड़ियां ही उपलब्ध हैं। 44mm की इस घड़ी में 'स्केलेटन' मूवमेंट है, जिसमें भगवान शिव की जटिल नक्काशी की गई है। घड़ी के डायल और केस पर 'ओम' (Om) का प्रतीक और रुद्राक्ष से प्रेरित कलात्मक विवरण दिए गए हैं। सोशल मीडिया पर हार्दिक पंड्या की इस घड़ी की तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस घड़ी की कीमत करोड़ों में है।
मैदान पर पंड्या का दमदार प्रदर्शन
भले ही इस हाई-वोल्टेज मैच में हार्दिक पंड्या बल्ले से कोई बड़ा योगदान नहीं दे सके, लेकिन उन्होंने अपनी गेंदबाजी से मैच का रुख भारत के पक्ष में मोड़ दिया। पंड्या ने अपने स्पेल के पहले ही ओवर में पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहबजादा फरहान को आउट कर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई। उन्होंने अपने कोटे के अंतिम ओवर में उस्मान तारिक का विकेट लेकर पाकिस्तान की पारी का अंत किया।












Click it and Unblock the Notifications