LIVE टीवी पर पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी ने टीम इंडिया को लेकर दिया विवादास्पद बयान, कहा..
सुपर संडे में होने वाले इस हाईवोल्टेज मैच से पहले पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर सिकंदर बख्त ने टीम इंडिया (Team India) के ऊपर सनसनीखेज आरोप लगाया है।
नई दिल्ली, 4 सितंबर: एशिया कप में आज एक बार फिर से भारत और पाकिस्तान की टीमें एक दूसरे के आमने-सामने होंगी। ये बड़ा मुकाबला दुबई इंटरनेशल स्टेडियम, दुबई में खेला जाएगा। सुपर संडे में होने वाले इस हाईवोल्टेज मैच से पहले पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर सिकंदर बख्त ने टीम इंडिया (Team India) के ऊपर सनसनीखेज आरोप लगाया है। हैरान करने वाली बात तो ये रही है बख्त ने ये आरोप लाइव टीवी पर कपिल देव, मोहम्मद अजहरुद्दीन और अतुल वासन के सामने लगाया।

क्या बोल गए सिकंदर?
भारत बनाम पाकिस्तान मैच से पहले शनिवार को एक टीवी शो की डिबेट के दौरान सिकंदर बख्त ने रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम के ऊपर आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय टीम सिर्फ दुबई में खेलना पसंद करती है और शारजाह में खेलने से डरती है। गौरतलब है कि टीम इंडिया ने एशिया कप मे ग्रुप स्टेज के अपने दोनों मुकाबले दुबई में खेले थे और सुपर-4 के तीनों मैच भी टीम इसी मैदान पर खेलती नजर आएगी।

शारजाह में खेलने से डरता है भारत
पाकिस्तान के लिए 26 टेस्ट और 27 वनडे खेलने वाले सिकंदर बख्त ने GEO सुपर पर कहा, ''मैं सिर्फ यह जानना चाहता था कि भारत शारजाह या अबू धाबी में क्यों नहीं खेलना चाहता? वे सिर्फ दुबई में खेलते हैं। क्या आप शारजाह में खेलने से डरते हैं? ड्रॉ पहले ही बाहर हो चुके थे।''
उन्होंने आगे कहा, ''शेड्यूल में शारजाह में पाकिस्तान के खिलाफ भारत का मैच था, लेकिन तुम लोगों ने उसे दुबई में बदल दिया। क्या आप शारजाह जाने से डरते हैं? यह सवाल हमारे लोगों ने हमसे पूछा है, इसलिए मैंने सोचा कि मैं आपसे भी यही पूछूंगा।''

कपिल ने साधी चुप्पी
बख्त के इस सवाल के बाद पूर्व विश्व विजयी भारतीय कप्तान कपिल देव (Kapil Dev) ने तो कुछ नहीं बोला। मोहम्मद अजहरुद्दीन भी शांत नजर आए, लेकिन पूर्व तेज गेंदबाज अतुल वासन ने सिकंदर की बात का जवाब जरूर दिया। वासन ने कहा, "शारजाह का मैदान हमारे लिए बहुत खराब रहा है। अब, हम आईसीसी के पक्ष में हैं, इसलिए हम वहां नहीं खेल रहे हैं।"

भारत के पास दूसरा मैच जीतने का मौका
ग्रुप स्टेज में जब रोहित एंड कंपनी का सामना पाकिस्तान से हुआ था, तब दुबई के ही मैदान पर भारत ने रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को 5 विकेट से धूल चटाई थी। इस बार भी टीम सुपर-4 में जीत के साथ टूर्नामेंट में आगे बढ़ना चाहेगी। हालांकि, पाक टीम को कम नहीं आंका जा सकता। भारत से मिली हार के बाद उन्होंने अपने दूसरे मैच में हॉन्ग कॉन्ग को 155 रन के बड़े अंतर से हराया था।

ऐसी हो सकती है प्लेइंग-11
- भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल/ऋषभ पंत, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), अक्षर पटेल/दीपक हुड्डा, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, रवि बिश्नोई, युजवेंद्र चहल।
- पाकिस्तान: मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), बाबर आजम (कप्तान), फखर जमां, खुशदिल शाह, इफ्तिखार अहमद, शादाब खान, आसिफ अली, मोहम्मद नवाज, हारिस रऊफ, नसीम शाह, हसन अली।












Click it and Unblock the Notifications