दुश्मन नहीं, अब दोस्त बनेंगे भारत-पाकिस्तान के खिलाड़ी? एक ही टीम के लिए खेलेंगे मैच, कैसे हुआ ये करिश्मा!
IND vs PAK, Sydney Thunder Team: भारतीय क्रिकेट के दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने बिग बैश लीग (BBL) में सिडनी थंडर के साथ करार करके इतिहास रच दिया है। 39 साल के अश्विन इस साल की शुरुआत में अंतरराष्ट्रीय और आईपीएल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। वह अब पहले ऐसे भारतीय पुरुष क्रिकेटर बन गए हैं जो ऑस्ट्रेलिया की इस प्रतिष्ठित फ्रेंचाइजी टी-20 लीग में खेलेंगे।
अश्विन ने जाहिर की खुशी (IND vs PAK, Sydney Thunder Team)
यह खबर क्रिकेट जगत में एक बड़ा चर्चा का विषय बन गई है। अश्विन ने खुद इस फैसले पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि थंडर की टीम ने मुझे स्पष्ट रूप से बताया कि वे मेरा उपयोग कैसे करेंगे, और वे इस पर भरोसा करने के लिए तैयार थे। टीम नेतृत्व के साथ मेरी बातचीत शानदार रही और हम मेरी भूमिका को लेकर पूरी तरह से सहमत हैं। उन्होंने आगे कहा कि मुझे डेविड वार्नर का खेल पसंद है, और जब आपका कप्तान आपकी सोच से मेल खाता हो तो यह हमेशा बेहतर होता है।

अश्विन करेंगे शाहदाब के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर
सिडनी थंडर की टीम में पहले से ही कई बड़े नाम शामिल हैं, जिनमें कप्तान डेविड वार्नर, पैट कमिंस, इंग्लैंड के सैम बिलिंग्स, और पाकिस्तान के ऑलराउंडर शाहदाब खान शामिल हैं। अश्विन का शाहदाब के साथ एक ही ड्रेसिंग रूम शेयर करना एक दिलचस्प बात है, खासकर हाल ही में भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ी तनातनी को देखते हुए दोनों को एक ही टीम में खेलते देखना फैंस के लिए नया होगा।
भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहा विवाद
इस साल अप्रैल में हुए पहलगाम हमले के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया था, जिसका असर क्रिकेट के मैदान पर भी देखने को मिला। एशिया कप के दौरान, भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों के बीच हाथ न मिलाना और मैदान पर तीखी बहसें हुई थीं। यहां तक कि अश्विन ने भी अपने यूट्यूब चैनल 'ऐश की बात' पर इस मुद्दे पर टिप्पणी की थी और पाकिस्तान पर 'अनावश्यक ड्रामा' करने का आरोप लगाया था।
अब जबकि अश्विन और शाहदाब एक ही टीम में खेलेंगे, यह देखना दिलचस्प होगा कि उनके बीच मैदान के बाहर का रिश्ता कैसा रहता है। हालांकि, यह भी ध्यान देने वाली बात है कि BBL को आईसीसी या बीसीसीआई से सीधे तौर पर नियंत्रित नहीं किया जाता, जिससे खिलाड़ियों को ऐसे मुद्दों से थोड़ी आजादी मिलती है।












Click it and Unblock the Notifications