IND vs PAK: करोड़ों के जुर्माने से बचने के लिए पाकिस्तान की गंदी चाल! PCB ने ICC को थमाया सरकारी आदेश?
IND vs PAK, T20 World Cup Boycott Controversy: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup) के बीच मैदान से ज्यादा चर्चा अब कानूनी गलियारों में होने लगी है। पाकिस्तान द्वारा 15 फरवरी को भारत के खिलाफ कोलंबो में होने वाले मैच के बहिष्कार के फैसले ने एक बड़ा संकट खड़ा कर दिया है। ताजा रिपोर्ट्स के अनुसार पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के साथ अपने समझौतों में 'फोर्स मैज्योर' (Force Majeure) क्लॉज का सहारा लेने की तैयारी कर रहा है, ताकि वह मैच न खेलने पर लगने वाले भारी जुर्माने और कानूनी कार्रवाई से बच सके।
क्या होता है 'फोर्स मैज्योर' क्लॉज (IND vs PAK, T20 World Cup Boycott Controversy)
कानूनी भाषा में 'फोर्स मैज्योर' का अर्थ ऐसी परिस्थितियों से होता है जो किसी के नियंत्रण से बाहर हों (जैसे युद्ध, प्राकृतिक आपदा या सख्त सरकारी आदेश) और जो अनुबंध को पूरा करने में बाधा डालें। पाकिस्तान का तर्क है कि उसे इस्लामाबाद स्थित अपनी सरकार से सख्त निर्देश मिले हैं कि वह भारत के खिलाफ मैदान पर न उतरे। पीसीबी इसी सरकारी आदेश को एक ऐसी 'अनिवार्य परिस्थिति' के रूप में पेश कर रहा है जिसे वह टाल नहीं सकता।

बांग्लादेश की वजह से शुरू हुआ था विवाद
यह विवाद तब और गहरा गया जब सुरक्षा कारणों से बांग्लादेश के भारत में खेलने से मना करने के बाद आईसीसी ने उनकी जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल किया। पाकिस्तान के क्रिकेट नेतृत्व और सरकार ने इस फैसले पर कड़ा विरोध जताया था, जिसके बाद यह बहिष्कार का निर्णय लिया गया। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और ICC ने पाकिस्तान के इस तर्क को पूरी तरह से खारिज कर दिया है।
आईसीसी ने पाकिस्तान के फैसले पर जताई आपत्ति
बीसीसीआई के सूत्रों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय खेल कानूनों के तहत कूटनीतिक या राजनीतिक तनाव फोर्स मैज्योर की श्रेणी में नहीं आते। आईसीसी ने भी इस पर कड़ी नाराजगी जाहिर की है। आईसीसी का मानना है कुछ टीमों के खिलाफ खेलना और कुछ के खिलाफ नहीं टूर्नामेंट की खेल भावना के सिद्धांतों के खिलाफ है। आईसीसी ने स्पष्ट किया है कि एक विश्व कप आयोजन में सभी सदस्य देश अपनी मर्जी से मैच चुनने का अधिकार नहीं रखते और उन्हें अपने अनुबंधात्मक दायित्वों को पूरा करना ही होगा।
यदि पाकिस्तान मैच के लिए नहीं आता है, तो केवल अंक तालिका पर ही प्रभाव नहीं पड़ेगा, बल्कि इसके बड़े आर्थिक परिणाम भी होंगे। ब्रॉडकास्टर्स (JioStar) और प्रायोजक इस 'हाई-वोल्टेज' मैच के रद्द होने पर भारी नुकसान के मुआवजे की मांग कर सकते हैं।
आईसीसी ने पीसीबी को अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की चेतावनी दी है, क्योंकि आधिकारिक अधिसूचना के अभाव में पाकिस्तान पर न केवल करोड़ों का जुर्माना लग सकता है, बल्कि भविष्य के आईसीसी आयोजनों में उनकी भागीदारी पर भी सवाल खड़े हो सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications