IND vs PAK: एशिया कप में कौन है असली बादशाह? हेड टू हेड रिकॉर्ड में आखिर किसका पलड़ा भारी!
IND vs PAK head to head: एशिया कप 2025 (Asia Cup 2025) की शुरुआत 9 सितंबर से हो चुकी है। अब क्रिकेट फैंस की नज़रें सबसे बड़े मुकाबले पर टिकी हैं। 14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे। यह सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि भावनाओं का संग्राम है। भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत हमेशा ही रोमांचक रही है और इस बार भी कुछ अलग होने वाला नहीं है।
एशिया कप के इतिहास में किसका पलड़ा भारी (IND vs PAK head to head)
एशिया कप के इतिहास में दोनों टीमें अब तक 18 बार भिड़ी हैं। इनमें भारत ने 10 मैच जीते हैं जबकि पाकिस्तान 6 बार विजयी रहा है। दो मैच बारिश या मौसम के कारण अधूरे रहे। खास बात यह है कि वनडे फॉर्मेट में भारत 15 मुकाबलों में 8 जीत हासिल कर चुका है, जबकि पाकिस्तान 5 बार जीता है। वहीं, टी20 एशिया कप की बात करें तो भारत ने 3 में से 2 मैच अपने नाम किए हैं, जबकि पाकिस्तान सिर्फ एक बार सफल हुआ है।

पिछले पांच सालों में किसका पलड़ा भारी
पिछले पांच सालों में भी भारत का पलड़ा थोड़ा भारी रहा है। सितंबर 2020 से सितंबर 2025 के बीच दोनों टीमों ने 5 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले, जिनमें भारत ने 3 और पाकिस्तान ने 2 जीते हैं। हालांकि, यह कहा जा रहा है कि पुराने आंकड़ों के आधार पर भविष्यवाणी करना आसान नहीं है, क्योंकि दोनों टीमें इस बार युवा खिलाड़ियों के साथ मैदान पर उतर रही हैं।
इन खिलाड़ियों पर रहेगी नजर
भारतीय टीम की कमान सूर्यकुमार यादव के हाथों में होगी और यह पहला मौका होगा जब वह पाकिस्तान के खिलाफ टी20 में कप्तानी करेंगे। उनके साथ शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा जैसे युवा बल्लेबाज़ मौजूद हैं। गेंदबाज़ी में जसप्रीत बुमराह और कुलदीप यादव टीम की ताकत होंगे। दूसरी ओर पाकिस्तान टीम की कप्तानी सलमान अली आगा कर रहे हैं। उनके पास फखर जमां, शाहीन अफरीदी और हारिस रऊफ जैसे अनुभवी खिलाड़ी हैं। यह टीम हाल ही में त्रिकोणीय सीरीज जीतकर आई है, जिससे उनका आत्मविश्वास ऊंचा होगा।












Click it and Unblock the Notifications