'यह मैं क्यों बताऊंगा भाई आपको?', रिपोर्टर को कुलदीप यादव का मजेदार जवाब, वीडियो हो रहा वायरल
IND vs OMA, Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 में भारतीय टीम के शानदार प्रदर्शन में स्पिनर कुलदीप यादव का बड़ा हाथ रहा है। उन्होंने गेंद से लगातार कमाल दिखाया है और दो मैचों में दो बार 'प्लेयर ऑफ द मैच' का खिताब जीता है। लेकिन मैदान के बाहर भी उनका अंदाज़ निराला है। ओमान के खिलाफ मैच से पहले एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुलदीप ने एक रिपोर्टर को ऐसा मजेदार जवाब दिया, जिसकी खूब चर्चा हो रही है।
कुलदीप यादव ने दिया मजेदार जवाब (IND vs OMA, Asia Cup 2025)
रिपोर्टर ने कुलदीप से पूछा कि उन्हें कब लगता है कि गेंद उनके हाथ से अच्छी निकल रही है। इस पर 30 वर्षीय कुलदीप ने चुटकी लेते हुए कहा कि यह मैं क्यों बताऊंगा भाई आपको कि मैं कैसा फील कर रहा हूं। कुलदीप यादव का प्रदर्शन इस टूर्नामेंट में बेहद प्रभावशाली रहा है। यूएई के खिलाफ उन्होंने सिर्फ 57 रन पर पूरी टीम को समेटने में चार विकेट लिए।

कुलदीप यादव ने बताई दिल की बात
इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने तीन अहम विकेट लेकर प्रतिद्वंद्वी टीम को 127 रन तक सीमित कर दिया। इन दोनों ही मैचों में उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। कुलदीप से ओमान के खिलाफ भी ऐसे ही बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद है। अपने मजेदार जवाब के बाद कुलदीप ने क्रिकेट को लेकर अपनी सोच भी शेयर की। उन्होंने कहा कि जाहिर है, जब आप गेंदबाजी करते हैं तो आप बल्लेबाज को पढ़ते हैं। अच्छे बल्लेबाज हैं तो अच्छा खेलते हैं। शाहीन अफरीदी बहुत अच्छा खेल रहे हैं, पिछले 2 मैचों से बहुत तोड़ाई कर रहे हैं।
गलतियों से मिलती है सबक
उन्होंने आगे कहा कि छोटी-छोटी गलतियां होती हैं, तब आप महसूस करते हैं कि मैं बेहतर कर सकता था। खेल ही ऐसा है जब आप असफल होते हैं, तभी सीखते हैं। तो हर मैच आपके लिए परफेक्ट नहीं होता और हर मैच असफलता भी नहीं होता। तो कहीं न कहीं आप उससे सुधार करते हैं और सीखते हैं। गेंदबाजी में आप चाहे 5 विकेट लें या 6 विकेट लें, उम्मीद यही रहती है आप बेहतर चीजें कर सकें।
सुपर फोर में फिर भिड़ेंगे भारत-पाकिस्तान
पाकिस्तान के यूएई को 41 रन से हराने के बाद अब भारत और पाकिस्तान के बीच सुपर फोर में एक और मुकाबला तय हो गया है। यह मैच 21 सितंबर, रविवार को खेला जाएगा। पिछली बार भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराया था, और इस बार भी सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारतीय टीम जीत की प्रबल दावेदार होगी। भारत का ओमान के खिलाफ मैच अबू धाबी में होगा, जो इस टूर्नामेंट में उनका अगला मैच होगा।












Click it and Unblock the Notifications