IND vs NZ: वनडे क्रिकेट में भारत के लिए 200 रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट
शुभमन गिल का नाम इसमें नया जुड़ा है, गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलते हुए तूफानी बल्लेबाजी करते हुए दोहरा शतक जमा दिया।

Indian Batters Smashed 200 in ODI Cricket: एक समय ऐसा था जब वनडे क्रिकेट में किसी भी बल्लेबाज द्वारा 200 रनों की पारी आने के बारे में कोई नहीं सोचता था। वनडे क्रिकेट में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सबसे पहले 200 रन महिला वर्ग से देखने को मिले। ऑस्ट्रेलिया की पूर्व क्रिकेटर बेलिंडा क्लार्क ने 1997 में यह कारनामा किया था. उसके बाद पुरुष क्रिकेट में सबसे पहले 200 रन बनाने वाले बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर थे। वहां से बाद में धीरे-धीरे कई और बल्लेबाज इस श्रेणी में जुड़ते चले गए लेकिन किसी भी एक देश की तरफ से वनडे में सबसे ज्यादा बार 200 रन बनाने का रिकॉर्ड भारत के नाम हो गया। इस लेख में भारत के उन बल्लेबाजों का जिक्र किया गया है जिन्होंने एकदिवसीय क्रिकेट में 200 रनों की पारी खेली।

सचिन तेंदुलकर
भारत के लिए सबसे पहले 200 रनों का स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर थे जिन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ साल 2010 में ऐसा किया था। ग्वालियर में खेलते हुए सचिन तेंदुलकर ने 147 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 200 रन बनाए थे।

वीरेंदर सहवाग
भारत के लिए दूसरी बार दोहरा शतक वीरेंदर सहवाग के बल्ले से आया। साल 2011 में सहवाग ने इंदौर में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलते हुए 219 रनों की तूफानी पारी खेली थी। इस मैच में भारतीय टीम ने 153 रनों से जीत दर्ज की थी। सहवाग ने मेहमान गेंदबाजों की जमकर धुनाई कर दी थी।

रोहित शर्मा
इस लिस्ट में नंबर 3 पर रोहित शर्मा का नाम आता है। वर्ल्ड क्रिकेट में रोहित शर्मा एकमात्र ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तीन बार दोहरा शतक जमाया है। रोहित ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ साल 2013 में दोहरा शतक जड़ा था। इस मैच में उन्होंने 209 रन बनाए थे. इसके बाद अगले दो दोहरे शतक उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ साल 2014 और 2017 में जमाए थे। 2014 में कोलकाता में उन्होंने 264 रनों की तूफानी पारी खेली थी जो वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक स्कोर है।

ईशान किशन
इस लिस्ट में हाल ही में जुड़ा नाम ईशान किशन का है जिन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ 10 दिसंबर 2022 को दोहरा शतक जमाया था। ईशान किशन ने 126 गेंदों में अपने 200 रन जड़े थे। वनडे इतिहास में सबसे तेज दोहरा शतक जड़ने का रिकॉर्ड ईशान किशन के नाम है।

शुभमन गिल
शुभमन गिल ने भी इस सूची में अपना नाम दर्ज करा लिया। 18 जनवरी 2023 को हैदराबाद में खेलते हुए गिल ने 149 गेंदों में 208 रन बनाए। इस दौरान भारत के सामने न्यूजीलैंड की टीम मुकाबले में थी। गिल ने तूफानी अंदाज में खेलते हुए कीवी गेंदबाजों कोई मौका नहीं दिया और ताबड़तोड़ रन बनाए।












Click it and Unblock the Notifications